
मैनपुरी (सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील भोगांव में जन-सुनवाई के दौरान अनुपस्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, खनन निरीक्षक, जिला होम्योपैथिक अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई जिला स्तरीय अधिकारी बीमार हो तो संज्ञान में लाए बिना कार्यालय, संपूर्ण समाधान दिवस आदि से अनुपस्थित न रहें यदि भविष्य में बिना पूर्व सूचना के कोई भी अधिकारी अनुपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि आई.जी.आर.एस., संपूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस, मुख्यमंत्री संदर्भ, ऑनलाइन संदर्भ, जन-सुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्वक निस्तारण करना सुनिश्चित करें, किसी भी दशा में कोई शिकायती पत्र डिफाल्टर की श्रेणी में न आए, शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने के उपरांत ही निस्तारण आख्या भेजी जाए।
श्री सिंह ने बताया कि अभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका के यहां 25, अधिशासी अभियंता सिंचाई के यहां 05, मुख्य विकास अधिकारी, अधिशाषी अभियंता ग्रामीण सड़क के यहां 04-04, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के यहां 03-03, लोक निर्माण, मंडी समिति मैनपुरी, उप जिलाधिकारी किशनी, होम्योपैथिक अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुल्तानगंज यहां 02-02 शिकायती प्रार्थना पत्र निर्धारित समय सीमा के उपरांत अनिस्तारित है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आज सायं तक लंबित शिकायती प्रार्थना पत्रों को निस्तारित कर विलंब का कारण स्पष्ट करते हुए आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गत संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों में से रेंडमतौर पर निस्तारित शिकायती प्रार्थना पत्र की गुणवत्ता की जांच विभिन्न अधिकारियों के माध्यम से शिकायतकर्ता के दूरभाष पर वार्ता कर फीडबैक लिया, कई शिकायतकर्ता शिकायत के निस्तारण से संतुष्ट दिखे।
जिलाधिकारी ने जन-सुनवाई के दौरान अधिशासी अभियंता विद्युत को आदेशित करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में कहीं भी कोई व्यक्ति करंट की चपेट में न आए, सर्वाेच्च प्राथमिकता पर ढीले, जर्जर तारों को ठीक कराया जाए, विद्युत के पोल में भी करंट की संभावना रहेगी इसलिए वहां भी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि विभिन्न स्तर से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जा रही है, इसलिए जन-शिकायतों के निस्तारण के प्रति बेहद संवेदनशील रहें, किसी भी दशा में मौके पर जाए बिना शिकायत का निराकरण न करें, अधीनस्थों की रिपोर्ट पर भी निर्भर न रहें, सीधे शिकायतकर्ता से वार्ता करें, यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट हों तभी निस्तारण आख्या भेजें, जिन शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण संभाव न हो उस पर विस्तृत आख्या अंकित कर वापस करें, किसी भी शिकायती प्रार्थना पत्र को अपने कार्यालय में अकारण लंबित न रखें।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील भोगांव के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से आए 43 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र निस्तारण हेतु प्रस्तुत किए, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर फरियादी को तत्काल राहत प्रदान की, शेष को संबंधित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर निर्धारित समय सीमा में निराकरण हेतु उपलब्ध कराया। दयानंद नगर नि. कुंवर पाल सिंह ने गुंडागर्दी के बल पर निजी चक संख्या-567 पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाने, मेरापुर गुजराती नि. सुशील ने पैमाइश के बाद भी चकमार्ग के कार्य में किये जो रहे अवरोध को दूर कराने, नगला मानसिंह नि. सौरभ ने चकमार्ग संख्या-35 से अनाधिकृत कब्जा हटवाकर रास्ता खुलवाने, छाछा नि. बादशाह ने संक्रमणीय भूमि की पैमाइश कराने, राम नगर नि. योगेश कुमार ने विपक्षी अरविंद कुमार, शिव दयाल द्वारा जान से मारने की धमकी दिये जाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से की।
पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने पुलिस से संबंधी शिकायतों को सुना और अधीनस्थों कोे प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर उप जिलाधिकारी भोगांव कुलदेव, क्षेत्राधिकारी भोगांव चन्द्रकेश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन. मौर्य, परियोजना निदेशक डीआरडीए के.के. सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम पी.सी. राम सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


