मैनपुरी(सूवि)आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से एक भव्य एवं विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि जनपद में जन सामान्य को आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए स्कूली बच्चे निरंतर जन-जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को संदेश दे रहे हैं, विगत 01 अगस्त से शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्कूली बच्चों द्वारा तिरंगा रैली, जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसका परिणाम हमारे सामने हैं, आज पूरा जनपद तिरंगामयी दिख रहा है, सभी जनपदवासी आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में उमंग-उत्साह के साथ अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करा रहे हैं।
रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के अतिरिक्त एस.बी.आर.एल. विद्यालय, कुं.आर.सी. इंटर कॉलेज, सुदिति ग्लोबल एकेडमी, सेंट मैरी स्कूल, राजकीय इंटर कॉलेज, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, गंगा सहाय इंटर कॉलेज, बालाजी ग्लोबल अकैडमी, अमन इंटरनेशनल स्कूल, चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, सेंट थॉमस स्कूल, डी.ए.वी. स्कूल आदि विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राएं एक हाथ में तिरंगा तथा एक हाथ में महापुरुषों एवं शहीदों के स्वनिर्मित चित्रों को लेकर देशभक्ति से प्रेरित नारे लगाते हुए घंटाघर होते हुए रैली के समापन स्थल कुं.आर.सी.इ.का. मैनपुरी पहुंचे।
रैली में प्रधानाचार्या राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सुमन यादव, विवेक कुमार, स्तुति गुप्ता, प्रभा कुमारी, सरोज यादव, आशा शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।