मैनपुरी(सुवि)विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में बूथ लेवल अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, प्रशिक्षण में उन्होने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, बी.एल.ओ. के विधिक दायित्वों, ड्राफ्ट प्रकाशन की तैयारियों, दावे-आपत्तियों के निस्तारण तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से मार्ग-दर्शन प्रदान किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार एक शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची है क्योंकि संवैधानिक व्यवस्था ने प्रत्येक नागरिक को मताधिकार की शक्ति प्रदान की है। उन्होंने बताया कि जन-प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 13बी (2) के अंतर्गत निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकार संस्तुति पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बी.एल.ओ. की नियुक्ति की जाती है, इसमें शिक्षक, लेखपाल, अमीन, पंचायत सचिव, ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता, विद्युत मीटर रीडर, पोस्टमैन, स्वास्थ्य कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, संविदा शिक्षक व निकाय कर्मी शामिल हैं जबकि विशेष परिस्थितियों में आयोग की अनुमति से केंद्रीय या सेवानिवृत्त कर्मियों की सेवाएं भी ली जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि बिना जानकारी के कार्य करने से त्रुटियां होती हैं इसलिए सभी बी.एल.ओ. अपने कर्तव्यों को भली-भांति समझ लें। उन्होंने कहा कि बी.एल.ओ. सर्वप्रथम स्वयं, अपने परिवार तथा रिश्तेदारों का नाम, एपिक कार्ड सुनिश्चित करें और उसके पश्चात क्षेत्र के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम जोड़ने के लिए कार्य करें।

श्री त्रिपाठी ने कहा कि जिस प्रकार चिकित्सक मरीज का स्वास्थ्य परीक्षण करता है, उसी प्रकार प्रत्येक बी.एल.ओ. अपनी मतदाता सूची का ‘चिकित्सक’ है यदि मतदाता सूची का स्वास्थ्य गड़बड़ हुआ तो उसकी जवाबदेही बी.एल.ओ. से लेकर सुपरवाइजर, ई.आर.ओ. और जिला निर्वाचन अधिकारी तक तय होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सूची के फ्रंट पेज, दर्ज बूथ, ग्राम, भाग संख्या, अनुभाग, थाना व तहसील के विवरण से लेकर प्रत्येक पेज पर दर्ज 30 मतदाताओं के तीन रो और दस कॉलम में अंकित क्रमांक, इपिक नंबर, नाम, पिता, पति का नाम, मकान संख्या, आयु, लिंग व स्पष्ट रंगीन फोटो की गहन जांच की जाए, एक ही मकान संख्या में अलग-अलग परिवारों या समुदायों के नाम, अजीबोगरीब फोटो या नाम की वर्तनी (हिंदी व अंग्रेजी) में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे, सभी बी.एल.ओ. को प्रदान किए जा रहे ‘बी.एल.ओ. रजिस्टर’ (प्रारूप-1 से 8) को उनकी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कल से ही घर बैठकर मतदाता सूची से प्रारूप-1 के कॉलम भर लें और घर-घर सत्यापन के दौरान मतदाताओं के मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी संकलित करें।
जिलाधिकारी ने ड्राफ्ट प्रकाशन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी 17 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा इसके लिए 16 नवंबर को ही सभी बी.एल.ओ. अपने बूथ के ग्राम प्रधान, सभासद, वार्ड सदस्य तथा विभिन्न राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों को फोन कर आमंत्रित करें और इसकी कॉल लॉग, लिखित रिकॉर्ड सुरक्षित रखें, 17 नवंबर को सुबह प्रातः 10 बजे बूथ पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति की फोटो ग्रुप पर साझा करें तथा ग्रामीणों, जन-प्रतिनिधियों और बीएलए की मौजूदगी में मतदाता सूची को पढ़कर सुनाएं, इसकी संक्षिप्त वीडियो रिकॉर्डिंग और उपस्थित लोगों के हस्ताक्षर युक्त कार्यवृत्त भी सुरक्षित रखा जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति में साक्ष्य प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने कहा कि बी.एल.ए. के साथ निरंतर समन्वय रखा जाए किंतु कोई भी बी.एल.ए. एक दिन में अधिकतम 10 फॉर्म ही जमा कर सकता है जिसके साथ निर्धारित घोषणा पत्र व प्राधिकार पत्र अनिवार्य होगा यदि किसी बी.एल.ए. द्वारा पूरे माह में 30 से अधिक फॉर्म दिए जाते हैं तो ई.आर.ओ. स्तर से उनका क्रॉस वेरिफिकेशन कराया जाएगा। उन्होने दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को समझाते हुए फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने), फॉर्म-6ए (प्रवासी भारतीय मतदाता), फॉर्म-7 (नाम विलोपन, आपत्ति), फॉर्म-8 (संशोधन, स्थानांतरण) तथा फॉर्म-20बी (दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिक सुविधा) के नियमों पर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवेदक, परिवार के सदस्य के हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान, रंगीन फोटो और अनिवार्य दस्तावेजों (जन्म व निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक आदि) के बिना कोई भी फॉर्म स्वीकार या अपलोड न किया जाए, फॉर्म के सभी कॉलम अनिवार्य रूप से भरे जाएं, जानकारी न होने पर संबंधित कॉलम खाली न छोड़कर आवेदक से ‘पता नहीं’ लिखवाया जाए तथा दस्तावेज न होने पर ‘कोई दस्तावेज संलग्न नहीं’ अंकित कर स्थलीय जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में बिना ठोस साक्ष्य के स्वतः संज्ञान से किसी का नाम नहीं काटा जाएगा, मृतक मतदाताओं के मामले में फॉर्म-7 भरवाने के साथ मृत्यु प्रमाण पत्र, ग्राम सचिव या थर्ड पार्टी की पुष्टि अनिवार्य होगी जबकि परिवार सहित स्थायी रूप से अन्यत्र शिफ्ट हो चुके और गांव से संपर्क विहीन मतदाताओं का विधिवत सत्यापन कर ही नाम विलोपित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवाह के पश्चात दूसरे स्थान से आई बहू या एक ही विधानसभा क्षेत्र में स्थान बदलने वाले मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के स्थान पर फॉर्म-8 का उपयोग किया जाए ताकि पूर्व स्थान से उनका नाम स्वतः कट सके।
उन्होने मतदाता सूची के संतुलन हेतु ईपी रेशियो (जनसंख्या के सापेक्ष मतदाता अनुपात), जेंडर रेशियो (महिला-पुरुष अनुपात), (आयु वर्ग विश्लेषण) पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 से 19 आयु वर्ग के सभी युवाओं का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए तथा 80 व 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं और दिव्यांग मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया जाए, इसके साथ ही स्थानीय निकाय व ग्राम पंचायत की मतदाता सूची का विधानसभा की मतदाता सूची से मिलान कर अंतर को चिन्हित किया जाए ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ा जा सके और बोगस व डुप्लीकेट प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जा सके, इस दौरान मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ‘चुनाव पाठशाला’ का भी आयोजन किया जाए। उन्होने कहा कि आगामी 01 माह तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर पदाभिहीत अधिकारी की उपस्थिति में हेल्प-डेस्क संचालित रहेगी। उन्होंने सभी बी.एल.ओ. को प्रतिदिन प्राप्त होने वाले फॉर्मों को गोसवारा रजिस्टर (फॉर्म 9, 10, 11, 11ए) में दर्ज कर उसी दिन सुपरवाइजर को सौंपने और गरुड़ ऐप, पोर्टल पर समयबद्ध रूप से डिजिटाइज कराने, प्रत्येक बूथ का स्पष्ट ‘नजरी नक्शा’ तैयार करने तथा डाकघर से अप्राप्त वापस आए एपिक कार्डों का घर-घर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन और जनगणना दोनों ही राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण दायित्व हैं इसलिए किसी भी कर्मी की ड्यूटी नहीं काटी जाएगी और सभी कार्मिक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और टीम भावना के साथ कार्य संपादित करें, किसी भी समस्या के समाधान हेतु निर्वाचन कार्यालय में हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय रहेगा।

कार्यशाला में संबंधित उप जिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सुपरवाइजर एवं बड़ी संख्या में बी.एल.ओ. आदि उपस्थित रहे।



