मैनपुरी(सुवि)प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद मैनपुरी सहित आस-पास के विभिन्न जनपदों के लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के प्रमुख केंद्र और कुलदेवी ’’शीतला माता धाम’’ के भव्य कॉरिडोर निर्माण तथा समग्र सौंदर्यीकरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है, शासन स्तर से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मूर्तरूप देने के लिए भूमि क्रय हेतु रू. 08 करोड़ 61 लाख तथा मंदिर परिसर में भव्य कॉरिडोर निर्माण कार्य के हेतु लगभग रू. 24 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होने कहा कि मैनपुरी की पावन धरती पर स्थित शीतला माता धाम केवल मैनपुरी नगर ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र और राज्य के अन्य जनपदों से आने वाले असंख्य भक्तगणों की गहरी आस्था, श्रद्धा और विश्वास का प्रमुख केंद्र है, बड़ी संख्या में लोग माता रानी को अपनी कुलदेवी के रूप में पूजते हैं और वर्ष भर यहां दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है, भक्तों की इसी भावना और क्षेत्र की सांस्कृतिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2022 से ही शीतला माता धाम को एक भव्य कॉरिडोर के रूप में विकसित करने तथा यहां विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाएं विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे थे।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि पूर्व में कुछ अपरिहार्य कारणों और विशेष रूप से मंदिर के आस-पास पर्याप्त भूमि की अनुपलब्धता के चलते इस परियोजना को आगे बढ़ाने में व्यावहारिक कठिनाइयां आ रही थीं, संबंधित भू-स्वामी अपनी भूमि दान में देने के लिए तैयार नहीं थे इसलिए परियोजना की गति प्रभावित हो रही थी, इन सभी अड़चनों का स्थायी समाधान निकालते हुए अब सरकार द्वारा नियमानुसार भूमि क्रय करने के लिए विशेष धनराशि स्वीकृत कर दी गई है, जिससे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को सुगमता से पूरा किया जा सकेगा। उन्होने कहा कि भूमि क्रय के बजट के साथ-साथ कॉरिडोर के मुख्य निर्माण कार्य के लिए लगभग रू. 24 करोड़ की स्वीकृति मिलना जनपद मैनपुरी के धार्मिक, सांस्कृतिक पर्यटन के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा, धनराशि स्वीकृत होने के पश्चात अब सभी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा करते हुए धरातल पर निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा, कॉरिडोर निर्माण की रूप-रेखा पर प्रकाश डालते हुए उन्होने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसर को व्यवस्थित रूप देना और दर्शनार्थियों के लिए सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करना है, कॉरिडोर के विकसित हो जाने से मंदिर की प्राचीन भव्यता, दिव्यता और अलौकिकता और अधिक निखर कर सामने आएगी, यहां आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को आधुनिक सुख-सुविधाएं, सुव्यवस्थित दर्शन मार्ग, विश्राम स्थल और स्वच्छ वातावरण प्राप्त होगा, जिससे उनकी यात्रा अत्यंत सुखद और यादगार बन सकेगी।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के जीर्णाेद्धार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, शीतला माता धाम कॉरिडोर के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं को लाभ होगा बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को भी बल मिलेगा, इस ऐतिहासिक सौगात के अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने समस्त जनपदवासियों तथा शीतला माता धाम के प्रति अपनी आस्था व श्रद्धा रखने वाले सभी भक्तगणों को हार्दिक बधाई, शुभका

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here