मैनपुरी(सुवि)जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के संदर्भ में तहसील करहल, किशनी, भोगांव का निरीक्षण करते हुए उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि तत्काल अपने-अपने तहसील के वी.आर.सी. कक्ष को वीआरसी कम निर्वाचन कक्ष के रूप में संचालित करायें, वी.आर.सी. कक्ष में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त फॉर्म को अलग-अलग रंग की बस्तों में बांधकर विधानसभा वार तहसीलों के अभिलेखागार में रखा जाए, समस्त निर्वाचन अभिलेखों, गणना प्रपत्रों पर बूथ संख्या अंकित करते हुए सुरक्षित रखा जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उनकी पहचान आसानी से हो सके, यह कार्य खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार न्यायिक संयुक्त रूप से रविवार तक कराना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि रिकॉर्ड अभिलेखागार में पहुंचाने के पश्चात कक्ष की पुताई के साथ आंतरिक विद्युत व्यवस्था, फर्नीचर, कंप्यूटर की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए 02 अन्य कंप्यूटर ऑपरेटर की तैनाती की जाए साथ ही खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय से कम से कम 05 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निर्वाचन कक्ष से संबद्ध किया जाए ताकि डाक वितरण सहित अन्य कार्य सुचारू रूप से समयबद्ध हो सके।
श्री त्रिपाठी ने समीक्षा के दौरान उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने के लिए निर्देशित किया जाए, प्रशिक्षण में शत्-प्रतिशत बूथ लेवल अधिकारियों की प्रतिभागिता सुनिश्चित कराई जाए, प्रशिक्षण के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों को उनके दायित्वों, कार्यों के बारे में गहनता से प्रशिक्षित किया जाए ताकि क्षेत्र में कार्य के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने कहा कि एस.एस.आर. के दौरान 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे प्रत्येक वयस्क के नाम के साथ-साथ मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधार की दिशा में कार्य करें, अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से परिवार के मुखिया को मतदाता सूची का अवलोकन कराया जाए, अवलोकन के पश्चात घर के मुखिया से प्रमाण पत्र लिया जाए कि उसके परिवार के प्रत्येक पात्र वयस्क व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल है। उन्होने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा निर्वाचन संबंधी कार्यों का विभाजन कर लिखित में अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए। उन्होंने कहा कि एस.एस.आर. के दौरान सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों व उनके स्टाफ के बैठने के लिए भी तहसील परिसर में ही व्यवस्था की जाए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी करहल, किशनी, भोगांव, तेजस कृष्णा प्रसाद, नवनीता राय, पीयूष कुमार जायसवाल, उप जिलाधिकारी न्यायिक करहल, भोगांव केशव प्रसाद, अरविन्द कुमार सिंह, तहसीलदार करहल, किशनी, भोगांव अरविन्द कुमार गौतम, भरत कुमार मौर्य, जी. राम, तहसीलदार न्यायिक करहल गौरव दयाल, खंड विकास अधिकारी करहल, जागीर नवनीत कुमार गौतम, निरजंन त्रिवेदी, अधिशाषी अधिकारी बेवर, भोगांव बुद्धि प्रकाश, संदीप, सौम्य वर्धन आदि उपस्थित रहे।



