भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में ऐसे अनेक देवता हैं जिनका संबंध केवल आस्था और विश्वास से ही नहीं, बल्कि जीवन के मूल सिद्धांतों से भी है। इन्हीं में एक प्रमुख नाम है भगवान चित्रगुप्त का, जिन्हें कर्मों के लेखाकार, न्याय के संरक्षक और सत्य के प्रतीक के रूप में पूजा जाता है। धर्मग्रंथों के अनुसार भगवान चित्रगुप्त प्रत्येक प्राणी के पाप-पुण्यों का लेखा-जोखा रखने वाले देवता हैं तथा वे धर्मराज के सहायक हैं। उनका नाम ही उनकी भूमिका को स्पष्ट करता है। “चित्र” यानी स्पष्ट चित्रण और “गुप्त” यानी छिपा हुआ, अर्थात वे केवल दिखाई देने वाले कर्म ही नहीं, बल्कि मन के भाव और इरादों तक का लेखा रखते हैं।

भगवान चित्रगुप्त एवं कायस्थों की उत्पत्ति का विवरण कई पुराणों एवं धर्मग्रंथों में मिलता है। इस विवरण के अनुसार ब्रह्मा जी ने अपने मुख से ब्राह्मण, भुजाओं से क्षत्रिय, पेट या जंघा से वैश्य तथा पैरों से शूद्र उत्पन्न किए। उन्होंने सूर्य एवं चन्द्र आदि ग्रहों के साथ ही बिना पैर वाले जीवों से लेकर अनेक पैर वाले जीवों की रचना की। इस सृष्टि की रचना के बाद ब्रह्मा के शरीर (काया) से बड़ी-बड़ी भुजाओं वाले, श्याम वर्ण, कमलवत् नेत्रवान्, शंख के समान गर्दन वाले, तेजस्वी, अति बुद्धिमान, हाथ में लेखनी और दवात धारण किए हुए अव्यक्त जन्मा चित्रगुप्त जी प्रकट हुए।

समाधि खुलने के बाद ब्रह्मा जी ने अपने सामने उपस्थित इस पुरुष से पूछा आप कौन हैं? उस पुरुष ने कहा मैं आपके ही शरीर से उत्पन्न हुआ हूं, इसलिए आप मेरा नामकरण कीजिए तथा मेरे कर्तव्य बताइए। ब्रह्मा जी ने यह सुनकर कहा कि तुम मेरी काया (शरीर) से उत्पन्न हुए हो इसलिए तुम्हारी संज्ञा कायस्थ है। तुम्हारी उत्पत्ति के समय मेरा मन विश्रांत स्थिति में था अर्थात मेरा चित्त गुप्त था, इसलिए तुम चित्रगुप्त कहलाओगे। तुम धर्मराज की धर्मपुरी में निवास करो और प्राणियों के धर्माधर्म पर विचार करो।

धर्मग्रंथों के अनुसार चित्रगुप्त जी के दो विवाह हुए, एक सूर्य कन्या से तथा दूसरा नाग कन्या से। इन पत्नियों से उनके बारह पुत्र उत्पन्न हुए। इन पुत्रों के नाम पर ही कायस्थों की बारह उपजातियां हैं। भगवान चित्रगुप्त ने अपने इन पुत्रों को शास्त्रों की शिक्षा दी तथा उनके लिए कर्तव्यों का निर्धारण किया। इन कर्तव्यों के अनुसार कायस्थों को देवताओं का पूजन, पितरों का श्राद्ध तथा अभ्यागतों की सेवा करना चाहिए। चित्रगुप्त जी ने अपनी संतति को महिषासुर मर्दिनी देवी की पूजन एवं उपासना करने का भी आदेश दिया।

भारतीय समाज में कायस्थ एक बुद्धिजीवी एवं चतुर जाति मानी जाती है। मध्यकाल में तो यह मान्यता थी कि राज-काज के संचालन में इससे कुशल एवं प्रवीण कोई अन्य जाति नहीं है। गुप्त काल से लेकर राजपूत, मुगल एवं मराठा शासकों के काल में कायस्थ न केवल महत्वपूर्ण पदों पर आसीन होते थे, बल्कि राजस्व विभाग विशेषकर पटवारियों के पदों पर कायस्थों का ही अधिकार होता था। कायस्थ जाति अपने आपको भगवान चित्रगुप्त का वंशज मानती है और उन्हीं को अपना आदि देव तथा कुलदेव स्वीकार करती है।

भगवान चित्रगुप्त के स्वरूप का वर्णन करते हुए एक प्रचलित श्लोक अक्सर सुनने को मिलता है, *“लेखनी-पत्र-हस्तं च चित्रगुप्तं नमाम्यहम्। कर्मणा लेखनं यस्य सर्वभूतहिते रतम्॥”* इस श्लोक में चित्रगुप्त के उस रूप का चित्रण है, जिसमें वे हाथ में लेखनी और पत्र लिए हुए हैं और समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा लिखते हैं, जिसमें हर कार्य का हिसाब है और हर निर्णय का परिणाम।

कायस्थ जाति में भगवान चित्रगुप्त की वर्ष में कम-से-कम दो बार पूजन होती है। इनमें से पहली पूजन दीपावली की द्वितीया को होती है तथा दूसरी होली की द्वितीया को। यह दोनों ही तिथियां भाई दौज या यम द्वितीया के नाम से प्रसिद्ध हैं। इस दिन प्रत्येक कायस्थ के घर में चित्रगुप्त जी एवं कलम-दवात की पूजा होती है। कई स्थानों पर यह पूजन सामूहिक रूप से भी की जाती है। पूजन के समय भगवान चित्रगुप्त की स्तुति में जो मंत्र कहे जाते हैं, उनका अर्थ है कि दवात-कलम और खल्ली धारण करने वाले भगवान चित्रगुप्त आप लेखकों को अक्षर प्रदान करते हैं।

इन धर्मग्रंथों में कहा गया है कि कायस्थों के अतिरिक्त अन्य जाति के लोग भी चित्रगुप्त जी की पूजन करते हैं तो इस पूजन से उन मनुष्यों की आयु बढ़ती है तथा उन्हें नरक के कष्ट नहीं भोगने पड़ते और वे स्वर्ग के अधिकारी होते हैं। यम द्वितीया का यह पर्व केवल कायस्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर उस व्यक्ति के लिए है जो अपने कर्मों के प्रति सजग रहना चाहता है और लेखनी, बही तथा अपने जीवन के हिसाब को शुद्ध रखना चाहता है।

इस पर्व की मूल भावना कर्म, सत्य और जिम्मेदारी ही है। आज के दौर में जब पारदर्शिता और जवाबदेही की चर्चा हर क्षेत्र में हो रही है, चाहे वह राजनीति हो, प्रशासन हो या समाज, तब भगवान चित्रगुप्त की अवधारणा और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उनका संदेश स्पष्ट है कि हर कर्म का लेखा है और अंततः न्याय अवश्य होता है। यह विचार व्यक्ति को अपने आचरण के प्रति सजग बनाता है और समाज में नैतिकता को मजबूत करता है।

चित्रगुप्त से जुड़े प्रमुख तीर्थों में तमिलनाडु स्थित कांचीपुरम का विशेष स्थान है। कांचीपुरम भारत के प्राचीनतम तीर्थ नगरों में एक है, जिसे मंदिरों की नगरी और मोक्षदायिनी सप्त पुरियों में से एक के रूप में माना जाता है। हिन्दू धर्म की विविध परम्पराओं के बीच यह नगर विशेष रूप से कायस्थ समुदाय के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त से जुड़े एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी प्रतिष्ठित है। कांचीपुरम पल्लव, चोल और अन्य दक्षिण भारतीय राजवंशों की राजधानी और आध्यात्मिक केंद्र रहा है।

कांचीपुरम के मध्य स्थित श्री चित्रगुप्त स्वामी मंदिर को न्याय के देवता और कायस्थों के आराध्य भगवान चित्रगुप्त का एक प्राचीन और प्रमुख मंदिर माना जाता है। उत्तर भारत के चित्रगुप्तवंशी कायस्थ समुदाय के लिए यह मंदिर विशेष महत्व रखता है, इसलिए अनेक कायस्थ इसे अपने प्रमुख तीर्थ या धाम के रूप में स्वीकार करते हैं और यहाँ दर्शन, संकल्प, नामकरण तथा अन्य धार्मिक संस्कार करवाने आते हैं। तमिल क्षेत्र की परम्पराओं में करणीगर या करुणीगर कायस्थ नाम से एक बड़े जातीय समूह का उल्लेख मिलता है, जिनकी उत्पत्ति और आस्था भगवान चित्रगुप्त से जुड़ी है।

तमिल ग्रन्थों और पुराण परम्परा में इन करणीगर या कर्ण कायस्थों को वही वंश परम्परा समझा गया है, जिसे उत्तर भारत में बारह चित्रगुप्तवंशी कायस्थों के रूप में जाना जाता है। इसीलिए कांचीपुरम का चित्रगुप्त स्वामी मंदिर दक्षिण और उत्तर दोनों क्षेत्रों के कायस्थों के बीच एक साझा धार्मिक कड़ी के रूप में ऐतिहासिक महत्व रखता है। कांचीपुरम और कायस्थ समुदाय का संबंध मुख्य रूप से तीन स्तरों पर दिखाई देता है, पहला भगवान चित्रगुप्त के प्राचीन मंदिर की उपस्थिति, दूसरा चित्रगुप्त पूजा से जुड़ी करणीगर और कर्ण कायस्थ परम्परा तथा तीसरा उत्तर भारत के कायस्थों द्वारा इसे अपने प्रमुख तीर्थ स्थलों में स्थान देना।

इसी परंपरा में महाकाल की नगरी उज्जैन का श्री चित्रगुप्त मंदिर भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। क्षिप्रा नदी के पवित्र तट रामघाट, अंकपात क्षेत्र में स्थित यह मंदिर उन विरले तीर्थों में गिना जाता है, जहाँ मृत्यु के बाद मिलने वाले न्याय, कर्मों के लेखा-जोखा और मोक्ष की परंपरा को महसूस किया जा सकता है। प्राचीन अवंति या उज्जयिनी की इस तपोभूमि को भगवान श्री चित्रगुप्त की साधना का स्थल माना जाता है, जहाँ उन्होंने तपस्या कर सर्वज्ञता और समस्त जीवों के कर्मों का लेखा रखने की दिव्य शक्ति प्राप्त की थी।

मान्यता के अनुसार सृष्टि की रचना के समय भगवान ब्रह्मा ने दीर्घ तपस्या के दौरान अपने ही मन में अंकित एक दिव्य पुरुष की कल्पना की, वह चित्र मन के अंतरतम में गुप्त हो गया, इसी से चित्रगुप्त नाम की उत्पत्ति मानी जाती है। ब्रह्मा ने इस दिव्य पुरुष को आदेश दिया कि वे महाकाल की नगरी उज्जैन जाकर कठोर तपस्या करें और मानव कल्याण के लिए ऐसी शक्तियाँ अर्जित करें, जिनसे वे समस्त प्राणियों के पाप-पुण्य और कर्मों का सूक्ष्मतम लेखा रख सकें। लोक परंपरा में यही स्थान आगे चलकर श्री चित्रगुप्त धाम, धर्मराज चित्रगुप्त मंदिर के रूप में प्रतिष्ठित हुआ।

उज्जैन का यह मंदिर उत्तर भारतीय नागर शैली की परंपरागत रचना लिए हुए है, जिसमें गर्भगृह, मंडप और ऊँचा शिखर प्रमुख रूप से दिखाई देते हैं। गर्भगृह में स्थापित भगवान चित्रगुप्त की मूर्ति शांत, गंभीर और न्यायमूर्ति भाव वाली प्रतिमा के रूप में है, जो भक्तों को अपने कर्मों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देती है। रामघाट स्थित धर्मराज श्री चित्रगुप्त मंदिर में यमराज, धर्मराज और यमुना के साथ चित्रगुप्त की संयुक्त उपासना की परंपरा भी मिलती है, जिससे यह स्थल मृत्यु, धर्म, पवित्रता और न्याय, इन चारों के अनूठे संगम के रूप में देखा जाता है।

कथाओं के अनुसार उज्जैन के इसी क्षेत्र में भगवान चित्रगुप्त ने दीर्घकालीन तप कर वह दिव्य शक्ति पायी, जिसके बल पर वे यमलोक में प्रत्येक आत्मा के लोक-परलोक के कर्मों का खाता तैयार करते हैं। इसी कारण यहाँ आने वाले श्रद्धालु केवल पूजा ही नहीं, बल्कि आत्म-मंथन, अनुशासित जीवन और सत्यनिष्ठ आचरण का संकल्प भी करते हैं ताकि मृत्यु के बाद उनके पक्ष में उत्तम लेखा लिखा जाए। कायस्थ समाज इस मंदिर को कायस्थों के चार धाम के रूप में अग्रणी स्थान देता है और कार्तिक शुक्ल द्वितीया पर यहाँ विशेष अनुष्ठानों, लेखनी, बही की पूजा और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक एकता को व्यक्त करता है।

उज्जैन के धर्मराज चित्रगुप्त मंदिर से कई जीवंत लोककथाएँ भी जुड़ी हैं। एक प्रसिद्ध मान्यता यह है कि वनवास के बाद भगवान राम ने शिप्रा तट पर इसी क्षेत्र में आकर धर्मराज चित्रगुप्त की विशेष पूजा की और अपने पिता दशरथ सहित पूर्वजों का तर्पण कर पितृऋण से मुक्ति की प्रार्थना की थी। इसीलिए आज भी बहुत से लोग यह विश्वास लेकर आते हैं कि शिप्रा में स्नान और चित्रगुप्त मंदिर में विधिवत पूजा तर्पण से पितृदोष शांत होता है और पूर्वजों की आत्माओं को शांति प्राप्त होती है।

आधुनिक समय में इस मंदिर की एक अत्यंत विशिष्ट लोकपरंपरा ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। यहाँ ऐसे अनेक श्रद्धालु पहुँचते हैं जो असहनीय रोग, दीर्घकालीन पीड़ा या जीवन-मृत्यु के संघर्ष में उलझे अपने परिजनों के लिए चमत्कारिक स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं या फिर शांत, पीड़ामुक्त मृत्यु के रूप में मोक्ष का वरदान माँगते हैं। प्रचलित विश्वास यह है कि सच्ची आस्था से की गई विशेष पूजा के बाद चौबीस घंटे के भीतर या तो कष्टों से राहत मिलती है या फिर अत्यंत शांतिपूर्ण प्रस्थान का मार्ग खुल जाता है।

स्थानीय परंपरा में यह धारणा भी प्रचलित है कि इस मंदिर के ऊपर से कर्क रेखा गुजरती है, जो इसे ज्योतिषीय दृष्टि से विशेष ऊर्जा क्षेत्र बनाती है और ग्रहदोषों के समाधान के लिए यहाँ दीपदान और विशेष पूजा कराई जाती है। कई पीढ़ियों से यहाँ सेवा कर रहे पुरोहितों के अनुसार रामघाट का यह मंदिर सैकड़ों वर्षों से नियमित पूजा अर्चना का केंद्र है। समय-समय पर मंदिर का जीर्णोद्धार, नई प्रतिमाओं की प्राणप्रतिष्ठा और ट्रस्ट के गठन जैसी प्रक्रियाएँ भी हुईं, जिनके कारण इसे श्री चित्रगुप्त धाम के रूप में व्यवस्थित धार्मिक केंद्र का रूप मिला।

समग्र रूप से देखें तो उज्जैन का श्री चित्रगुप्त मंदिर केवल एक देवालय भर नहीं, बल्कि भारतीय धर्मदर्शन के कर्म सिद्धांत का जीवंत विद्यालय है, जहाँ हर दर्शन यह स्मरण कराता है कि मृत्यु के बाद न्याय निश्चित है और उसका आधार हमारे अपने कर्म ही हैं। यह मंदिर न केवल कायस्थों के लिए बल्कि समूचे हिन्दू समाज के लिए पौराणिक, ऐतिहासिक, पुरातत्व एवं पर्यटन हर दृष्टि से जन महत्व की विरासत है।

यम द्वितीया पर भगवान चित्रगुप्त की पूजा की परम्परा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन का एक संदेश है। यह हमें याद दिलाता है कि हमारे हर कर्म का महत्व है, हर निर्णय का प्रभाव है और हर व्यक्ति अपने जीवन की कहानी खुद लिख रहा है।(अंजनी सक्सेना-विभूति फीचर्स)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here