मैनपुरी(सुवि) जनपद में भूमि विवादों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण तथा सार्वजनिक, शासकीय संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन समाधान’ अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने तहसील किशनी के नगर पंचायत कुसमरा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करते हुऐ प्रशासनिक, पुलिस, राजस्व एवं नगर निकाय के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर जन-शिकायतों की जमीनी हकीकत परखी, गाटा संख्या-982 सहित आस-पास के विभिन्न भूखंडों का मुआयना किया, निरीक्षण के दौरान शासकीय अभिलेखों में दर्ज ग्रामसभा, तालाब, बंजर श्रेणी की भूमियों पर अवैध रूप से लगाए गए टीन-शेड, पक्के बाड़े तथा अनाधिकृत रूप से संचालित भैंसों के बाडे़, तबेलों को देखकर असंतोष व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर ही अवैध कब्जाधारकों को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कब्जा-धारकों को शाम तक का समय देते हुए कहा कि वह अपने समस्त मवेशी, टीन-शेड और अन्य निजी सामग्री स्वेच्छा से सुरक्षित हटा लें यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर पंचायत, पुलिस बल की मदद से अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त करा दिया जाएगा साथ ही संबंधित अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध सार्वजनिक संपत्ति निवारण अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अब तक किए गए अनाधिकृत उपयोग के एवज में भारी जुर्माना, क्षतिपूर्ति वसूली की विधिक कार्यवाही भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कब्जा हटाने में बाधा उत्पन्न करने अथवा गुंडई, बदतमीजी करने वालों के खिलाफ शांतिभंग, अन्य कठोर धाराओं में निरुद्ध कर जेल भेजने की कार्यवाही होगी।

श्री त्रिपाठी ने मौके पर तैनात राजस्व कर्मियों की कार्य-प्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय लेखपाल से पूछा कि इतने लंबे समय से शासकीय, तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा किसकी शह पर संचालित हो रहा था यदि शाम तक उक्त सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर स्पष्ट आख्या प्रस्तुत नहीं की गई तो संबंधित लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच की प्रक्रिया अमल में लायी जायेगी साथ ही उन्होने राजस्व, नगर पंचायत की संयुक्त टीम को निर्देशित किया कि सबसे पहले पूरी ग्रामसभा भूमि, बंजर व तालाब का नक्शे, खतौनी के अनुसार सीमांकन किया जाए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि तालाब के रकबे से मिट्टी का पटान, गंदगी हटाकर तत्काल प्रभाव से खुदाई कराई जाए, जिससे पूरे मोहल्ले की जल-निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके, इसके अतिरिक्त खाली कराई गयी बंजर, ग्रामसभा की भूमि पर फेंसिंग कराकर उसे सुरक्षित किया जाए, स्थानीय नागरिकों के हित में वहां सार्वजनिक पार्क, सामुदायिक भवन, खेल-कूद के मैदान के निर्माण हेतु जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार किया जाए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी नवनीता राय, तहसीलदार भारत मौर्य, चौकी इंचार्ज संजय सिंह, सौम्य वर्धन सहित राजस्व विभाग और नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।



