मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ट्रॉजिट हॉस्टल में जन-समस्याएं सुनने के दौरान कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाए, प्राप्त आवेदन पत्रों पर औपचारिकताएं पूर्ण कर शासन को भेजी जाए ताकि बीमार व्यक्ति के इलाज हेतु समय से धनराशि शासन स्तर से अवमुक्त हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को इम्पैंनल्ड चिकित्सालयों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, योजना के अंतर्गत बीमार होने की दशा में परिवार के सदस्यों को रू. 05 लाख तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान की गई है यदि किसी इम्पैनल्ड चिकित्सालय द्वारा गोल्डन कार्ड धारकों को बिना किसी कारण के परेशान किया जाए या स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में लापरवाही बरती जाए तो उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होनेे नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद की सहकारी समितियां में डी.ए.पी., यूरिया कि किल्लत की शिकायतें भी निरंतर प्राप्त हो रही हैं जबकि जनपद में पर्याप्त मात्रा में डी.ए.पी., यूरिया बफर गोदाम में उपलब्ध है। उन्होंने सहकारिता, कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार निर्धारित मूल्य पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, सभी सहकारी समितियांे पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया, डी.ए.पी. उपलब्ध रहे, यूरिया, डी.ए.पी. वितरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को संचालित लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजना का लाभ पाने में किसी भी स्तर पर असुविधा का सामना न करना पड़े, संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करें, पात्रों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए, किसी भी योजना में अपात्रों को लाभान्वित न किया जाए। उन्होंने कहा कि जन-सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान 01 सप्ताह में गुणवत्तापरक निस्तारण कर उप जिलाधिकारी सदर के माध्यम से निस्तारण आख्या प्रस्तुत करें।
जन-सुनवाई के दौरान ग्राम पुड़री नि. नीरज कुमार शर्मा ने गाटा संख्या-5281 की भूमि से अवैध कब्जा हटवाकर दबंगई के बल पर कब्जा करने वालों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही कराये जाने, नगला मनी नि. रामधन ने गुण्डगर्दी के बल पर जबरन खेत की मेड को जोते जाने, ग्राम नगला घर्राज नि. प्रिया चौहान ने ग्राम में जल-भराव वाले मार्ग को पक्का करने तथा नाली निर्माण कराने, ग्राम पंचायत देवकली राजस्व ग्राम कोड़र नि. आलोक कुमार सिंह चौहान ने गॉगसी रजवाहे पर पुलिया का निर्माण कराने, ग्राम औड़ेन्य मंडल नि. छत्रपाल सिंह ने भूमि की पैमाइश कराने, आवास विकास कॉलौनी नि. विश्वनाथ सिंह यादव ने गाटा संख्या-315 खलिहान की भूमि की पैमाइश कराकर अतिक्रमण मुक्त कराये जाने, नगला मुंशी नि. आलोक कुमार ने विपक्षियों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को खाली करवाने, करीमगंज नि. विजय सिंह ने गाटा संख्या-1828 पर विपक्षियों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, नगला सोती नि. नीरज कुमार ने गाटा संख्या-3639 पर विपक्षियों द्वारा भूमि पर किये जा रहे कब्जे को रोके जाने, ग्राम भूरेपुर नि. बादशाह सिंह ने दबंगों द्वारा पैत्रिक भूमि जबरन कब्जा किये जाने, कपूरपुर नि. अर्जुन चौहान ने दबंग, गुण्डा प्रवर्ति के व्यक्तियों द्वारा धमकी व झूठी शिकायतें कर परेशान किये जाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन के अलावा उदय चौहान, शिव प्रताप चौहान उर्फ राजू, अमित गुप्ता, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।



