मैनपुरी(सुवि)सशक्त, सुरक्षित एवं अखंड भारत के शिल्पी, देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री ’लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 151-वीं जयंती जनपद में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस के रूप में हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई, इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर से राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का संदेश प्रवाहित करने वाली विशाल ’रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को गंतव्य के लिए रवाना किया, इस एकता दौड़ में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल के जवानों, एन.सी.सी. कैडेट्स, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ सहभागिता कर सरदार बल्लभभाई पटेल के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया। दौड़ को रवाना करने से पूर्व उपस्थित जन-समूह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल अद्वितीय इच्छाशक्ति, अटूट संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व के प्रतीक थे, स्वतंत्रता प्राप्ति के उपरांत अत्यंत विषम, जटिल परिस्थितियों में उन्होंने सूझबूझ, दृढ़ता तथा कूटनीतिक कुशलता का परिचय देते हुए सैकड़ों देशी रियासतों का भारतीय संघ में ऐतिहासिक विलय सुनिश्चित कराया, यह उनके अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है कि आज हम एक संप्रभुत्व, सशक्त और संगठित भारत में सांस ले रहे हैं।

IMG 20261031 WA0014

श्री त्रिपाठी ने जनपद-वासियों, विशेषकर युवा पीढ़ी का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक भौगोलिक संकल्पना नहीं बल्कि यह हमारे अंतःकरण का दृढ़-संकल्प और परस्पर विश्वास की भावना है, आज के इस पावन दिवस पर प्रत्येक नागरिक का यह पुनीत कर्तव्य है कि वह जाति, संप्रदाय, भाषा और क्षेत्र के संकीर्ण भेदभावों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखे, देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुत्ता और सामाजिक ताने-बाने को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सभी को अपने-अपने स्तर से रचनात्मक योगदान दें। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए एक भारत, श्रेष्ठ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की सामूहिक शपथ दिलाई, सभी ने पूर्ण निष्ठा एवं सत्यनिष्ठा के साथ देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा अपने साथी नागरिकों के बीच इस संदेश को प्रसारित करने का संकल्प लिया, कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर प्रमुख मार्गों से गुजरी यह एकता दौड़ निर्धारित स्थल ट्रॉजिट हॉस्टल पर पहुंचकर संपन्न हुई।

जिलाधिकारी ने लौह पुरूष की जयंती पर 50-शैय्या क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती मरीज ममता, अंजलि, अवधेश, बृजेश, अंशु कुमारी, आस्था, वर्षा यादव, अयान अंसारी, नीलेश को फल वितरित करते हुए कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल ने पूरे जीवन एकता, अखंडता पर बल दिया, हमारे देश में विभिन्न जातियों, सम्प्रदायों और धर्मांे के बावजूद हमारा जन-मानस एक ऐसी संस्कृति की एकता के सूत्र में बंधा हुआ है, जो अपने आप में बेजोड़ है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राज सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात दीपशिखा, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी रविन्द्र गौर, चिकित्साधिकारी आकाश बघेल, मैटर्न गीता यादव, इंचार्ज क्रिटिकल केयर वरूजा पूनम, हॉस्पीटल मैनेजर मनोरमा देवी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, शिक्षकगण, प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here