मैनपुरी(सुवि)जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने उ.प्र. विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन, शिक्षक स्नातक कि मतदान प्रक्रिया को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण, पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु तैनात जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों की पुलिस लाइन में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग में कहा कि यह निर्वाचन प्रक्रिया काफी महत्वपूर्ण है, इसकी मतदान प्रक्रिया में शि7क्षक, स्नातक ही मतदान करेंगे, मतदान प्रक्रिया को संपन्न करने के लिए पीठासीन अधिकारी के रूप में जिला स्तरीय अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम के रूप में बैंकिंग सेक्टर के अधिकारी को लगाया गया है, आप सब निष्पक्ष रहकर मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न करायें, मतदान से पूर्व अपने-अपने केन्द्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि पोलिंग बूथ के भीतर केवल जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट ही प्रवेश करेंगे, जोनल, सेक्टर पुलिस ऑफिसर, पुलिस बल का प्रवेश पोलिंग बूथ के भीतर पूरी तरह वर्जित रहेगा ताकि चुनाव प्रक्रिया पर किसी भी प्रकार का आक्षेप न लग सके, बूथ के भीतर सी.सी.टी.वी. कैमरे क्रियाशील रहेंगे इसलिए सुरक्षा कर्मी केवल अपनी निर्धारित परिधि में रहकर ही सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। उन्होंने मतदान केंद्र की 200 मीटर की परिधि में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने, किसी भी प्रकार का अनधिकृत बस्ता न लगने देने, केंद्र के केवल मुख्य द्वार ही नहीं बल्कि चारों ओर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न होगी, जो कि अत्यंत संवेदनशील है, जोखिम को देखते हुए बूथ में प्रवेश करते समय, मतदान के पश्चात बाहर लौटते समय सघन तलाशी की जाये, सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मतदाता अपने साथ पेन, माचिस, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, पान, मोबाइल फोन या अन्य कोई आपत्तिजनक सामग्री अंदर न ले जा सके। उन्होने कहा कि मतदान केवल पीठासीन अधिकारी द्वारा दिए गए अधिकृत बैंगनी स्केच पेन से ही किया जाएगा, मतदाता को अपनी वरीयता 1, 2, 3 अंकों में अंकित करनी होगी यदि कोई मतदाता अपने निजी पेन या डॉट पेन से मतपत्र पर लिखता है, तो उसका मत अवैध घोषित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मतपत्रों पर मोहर लगाने की पुरानी व्यवस्था नहीं है बल्कि अंकों में वरीयता दर्ज कर मतपत्र को नियमानुसार मोड़कर पेटी में डालना अनिवार्य है। उन्होने पोलिंग एजेंटों के संबंध में बताया कि प्रारूप-10 पर अधिकृत एजेंट उसी क्षेत्र का निवासी होना चाहिए, किसी भी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति, गनर धारक, ग्राम प्रधान या लाभ के पद जैसे नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख या शासकीय पदों पर कार्यरत व्यक्तियों को पोलिंग एजेंट नहीं बनाया जाएगा। उन्होने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, विवाद की स्थिति में तत्काल संवाद स्थापित कर समस्या का निदान करें, किसी भी स्तर पर बातचीत का अभाव न होने दें ताकि मतादन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस चुनाव को भी विधानसभा चुनाव की भांति पूरी गंभीरता, सजगता के साथ संपन्न करायें। उन्होने कहा कि जनपद के 10 थाना क्षेत्र इस निर्वाचन प्रक्रिया से सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं, सम्बन्धित थाना प्रभारी अपने-अपने थानों से रवाना होने वाले सशस्त्र पुलिस बल की स्वयं व्यक्तिगत ब्रीफिंग करें। उन्होने कहा कि कई पुलिसकर्मी पहली बार निर्वाचन ड्यूटी कर रहे, हैं इसलिए उन्हें ड्यूटी के नियमों, मोबाइल के उपयोग पर पाबंदी और निजी वाहनों से सीधे मतदान केंद्र पर न जाने की सख्त हिदायत दी जाए, ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही होगी। उन्होने मतदान प्रक्रिया को सम्पन्न कराने हेतु तैनात किये गये पुलिस अधिकारियों, आरक्षियों से कहा कि मतदान केंद्र की 100 मीटर की परिधि में चारों तरफ पैनी नजर रखें ताकि छतों अथवा पीछे के रास्तों से कोई अवांछित गतिविधि न हो सके, मतदान बैलेट पेपर से होना है इसलिए प्रवेश द्वार पर ही सघन चेकिंग व फ्रिस्किंग की जाए। उन्होने कहा कि 23, 27 अक्टूबर को घोषित ‘ड्राई डे’ का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये, अवैध शराब की तस्करी, वितरण तथा शराब, धन बांटने संबंधी किसी भी शिकायत पर तत्काल कठोर कार्यवाही की जाए, पीआरबी 112 एवं कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाये।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्यामलता आनंद ने कहा कि मतदान प्रक्रिया बैलट पेपर के माध्यम से संपन्न होनी है इसलिए मतदान से पूर्व मॉक-पोल की प्रक्रिया नहीं होनी है, सिर्फ मतदान प्रक्रिया प्रारंभ होने से आधा घंटा पूर्व मतपेटिका खोलकर एजेंट को दिखानी होगी। उन्होंने उपस्थित सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट से कहा कि बुकलेट का भली-भांति अध्ययन कर लें, निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का अक्षरशः पालन करते हुए मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष कराने में अपना योगदान दें। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, किशनी, घिरोर, श्याम प्रताप सिंह, पीयूष जायसवाल, नवनीता राय, सुनिष्ठा सिंह, डिप्टी कलेक्टर विकल्प के अलावा क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात अन्य अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।



