मैनपुरी(सुवि)उ.प्र. विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन (स्नातक एवं शिक्षक खंड) की मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आयुक्त आगरा मंडल, आगरा नगेंद्र प्रताप सिंह ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय नगरीय क्षेत्र देवी रोड स्थित मतदान केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मतदान कक्षों, प्रवेश व निकास द्वारों, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप एवं मतदाताओं की कतार प्रबंधन से जुड़ी समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदान दिवस से पूर्व ही मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह चाक-चौबंद होनी चाहिए, जिससे मतदान कार्मिकों, मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने निर्देशित करते हुए कहा कि पूरी मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्भीक वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रत्येक बूथ पर पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, किसी भी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी में तैनात सभी सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में निरंतर गतिशील, भ्रमणशील रहें और मतदान प्रक्रिया की प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखें। पारदर्शिता को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर आज सायं तक प्रत्येक दशा में अनिवार्य रूप से सी.सी.टी.वी. कैमरे स्थापित करा दिए जाएं जिससे हर गतिविधि की विधिवत मॉनिटरिंग की जा सके।

मंडलायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाये, आयोग के नियमों के अनुरूप मतदान केंद्र की 200 मीटर की निर्धारित परिधि में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति अथवा वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाए, सुरक्षा-कर्मी 200 मीटर के दायरे में कड़ी निगरानी रखें ताकि कोई भी अवांछित गतिविधि न हो सके। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, उप जिलाधिकारी श्याम प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह भदौरिया सहित अन्य प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



