मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मिशन शक्ति-6.0 के तहत आज तहसील कुरावली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा, ए.एन.एम., महिला पुलिस आरक्षियों को बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करने के लिए शपथ दिलाते हुए कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति तेजी से धारणा बदल रही हैं, समाज के बीच फैली तमाम कुरीतियां धीरे-धीरे समाप्त हो चुकी हैं, केन्द्र-प्रदेश सरकार ने महिलाओं के स्वावलाम्बन, आर्थिक उन्नति के लिए तमाम योजनाएं संचालित कीं, जिसका लाभ पाकर आज की महिला परिवार, समाज के साथ देश-प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रही हैं, आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं, बेटियों ने हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन किया है। उन्होने कहा कि देश की जनसंख्या का आधा हिस्सा मातृशक्ति है और मातृशक्ति की रक्षा, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य का जिम्मा जिला प्रशासन के ऊपर है। उन्होने कहा कि महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है, प्रदेश सरकार ने महिलाओं के सर्वांगीण विकास, उत्थान, स्वावलंबन के लिए तमाम योजनाएं संचालित की हैं।

पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि हमें ऐसी व्यवस्था देनी होगी जहां समाज में बेटी-बेटा में भेद-भाव न किया जाए, बेटियों को भी स्वतंत्र माहौल में जीने की इजाजत हो, उन्हें बेहतर शिक्षा मिले ताकि वह भी अपना व्यक्तित्व निखार कर देश, समाज के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों को चरित्रवान बनाएं, उन्हें सही मार्ग प्रशस्त कर चरित्र निर्माण की शिक्षा दें, ऐसा वातावरण बनाएं कि सभी लोग अपनी मां, बहन, बेटी की भांति दूसरी बेटियों की इज्जत करें। उन्होने कहा कि महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान के मकसद से मिशन शक्ति-नारी सुरक्षा-नारी सम्मान अभियान संचालित है, आप सब महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन तथा महिला अपराध तथा बाल अपराध के संबंध में चर्चा कर खासतौर पर महिलाओं, बालिकाओं को जागरूक करें।
बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा ने महिलाओं-बालिकाओं के आर्थिक स्वावलंबन, सशक्तिकरण, सुरक्षा के लिए केंद्र-प्रदेश सरकार ने तमाम योजनाएं संचालित की हैं, महिलाओं-बालिकाओं, बच्चों की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर-181, 1090, 1098 के अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी कुरावली प्रदीप कमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए शोभनाथ चौरसिया, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार आदि उपस्थित रहे।



