मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कुरावली में रू. 1087.33 लाख की लागत से निर्माणाधीन आवासीय परिसर एवं रू. 1381.66 लाख की लागत से नवीन तहसील के प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था के अभियंताओं, ठेकेदारों को निर्देशित किया कि अवशेष कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता, तकनीकी परिशुद्धता तथा निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण कराया जाए, निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, स्थलीय मुआयने के दौरान उन्होने भवन के रंग-रोगन कलर स्कीम एवं बाह्य स्वरूप को लेकर तैयार किए गए विभिन्न सैंपलों का परीक्षण करते हुए कहा कि भवन की दीवारों के बेस के लिए भड़कीले रंगों के स्थान पर सोबर, टिकाऊ, ऑफ-व्हाइट अथवा क्रीम कलर का उपयोग किया जाए ताकि मौसम की मार या वर्षा के बाद भी दीवारों की चमक, सुंदरता लंबे समय तक बनी रहे। उन्होंने भवनों के प्रोजेक्टेड हिस्सों और बालकनियों के बीच की पट्टियों पर अत्यधिक रंगों का प्रयोग करने पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अनावश्यक लाल या चटक रंगों के स्थान पर केवल एक डार्क शेड से बॉर्डर और पट्टियों को रेखांकित किया जाए, खिड़कियों के फ्रेम को लकड़ी के स्वाभाविक रंग में रखने तथा दरवाजों पर बेहतर फिनिशिंग एवं पॉलिशिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

श्री त्रिपाठी ने परिसर के निचले भू-भाग में बरसात के दिनों में जल-भराव की संभावित समस्या को देखते हुए कहा कि आसपास के क्षेत्रों से आने वाले पानी को रोकने के लिए परिसर के ग्राउंड में कम से कम एक से डेढ़ फीट तक नई मिट्टी का भराव कराया जाए इसके साथ ही पूरी भूमि का उचित ढलान बनाकर समतलीकरण किया जाए ताकि वर्षा जल का त्वरित निकास सुनिश्चित हो सके और भविष्य में कोई जलभराव न हो, खाली पड़े परिसर को व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए वहां लॉन, बैडमिंटन कोर्ट अथवा किचन गार्डन विकसित किया जाये। उन्होने निर्देश दिए कि नवंबर माह के अंत तक प्रत्येक दशा में संपूर्ण सिविल एवं इलेक्ट्रिकल फिनिशिंग कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर परिसर को हैंडओवर किया जाए। जानकारी करने पर पाया कि आवासीय परियोजना हेतु स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष अब तक रू. 1030.58 लाख की धनराशि अवमुक्त हो चुकी है, जिसके सापेक्ष रू. 633 लाख व्यय किया जा चुका है, आवासीय परिसर में टाइप-03, 04 का एक-एक, टाइप-02 के तीन एवं टाइप-01 के दो आवासों का कार्य प्रगति पर है, प्रशासनिक भवन हेतु स्वीकृत धनराशि रू. 1381.66 लाख के सापेक्ष अब तक रू. 1303.41 लाख की धनराशि प्राप्त हुयी है जिसके सापेक्ष रू. 1019.56 लाख व्यय किया जा चुका है, प्रशासनिक भवन में अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके है।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कुरावली प्रदीप कुमार सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण डालचन्द भूकेश, उ.प्र. आवास विकास परिषद के सहायक अभियंता प्रमोद चौरसिया, आईजीआरएस प्रभारी अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here