मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जन-समस्याओं की सुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों को जन-सामान्य की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के किसी भी मार्ग पर गड्ढे दिखाई न दें, सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने कहा कि हाल ही में आए चक्रवात, अतिवृष्टि एवं जल-भराव के कारण जनपद के विभिन्न मार्गों पर गड्ढे हुये, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों तथा आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है, सड़कों की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है, ऐसी स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्यवाही करते हुए मार्गों की मरम्मत कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को आदेशित करते हुए कहा कि दि. 18 अक्टूबर से प्रत्येक दशा में सड़कों के गड्ढे भरने का कार्य प्रारंभ कराया जाए, इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, जनपद के सभी प्रमुख मार्गों के साथ-साथ अन्य संपर्क मार्गों का भी निरीक्षण कराकर जहां-जहां गड्ढे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर भरवाया जाए, सड़क मरम्मत के कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराकर जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाया जाए।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि किसानों को मांग के अनुसार यूरिया, डीएपी उपलब्ध करायी जाये। उन्होने सहकारिता, कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय से खाद उपलब्ध कराई जाए ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों और उन्हें खाद के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक किसान को उसकी मांग के अनुसार निर्धारित मूल्य पर डी.ए.पी., यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा समितियों, बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, संबंधित अधिकारी खाद की उपलब्धता, वितरण एवं बिक्री व्यवस्था पर लगातार नजर रखें, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होने कहा कि कृषकों को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा यदि कोई विक्रेता ओवररेटिंग करता है अथवा खाद वितरण में अनियमितता बरतता है तो उसके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि खाद बिक्री केंद्रों का निरीक्षण कर निर्धारित मूल्य पर बिक्री तथा उपलब्ध स्टॉक की स्थिति की जांच करें, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें।
जन-सुनवाई के दौरान नगला देवी नि. विश्वनाथ सिंह चौहान ने सहकारी बैंक करहल पर बसूली की धनराशि का कमशीन दिलाये जाने, कल्होर विधूना नि. अमृत सिंह, अमरपाल सिंह, रामदीन सिंह, नेकसे, विनय कुमार, अमित कुमार, राम रहीश, शिवांश सुरजीत आदि ने कलहोर विधूना मार्ग से अरिन्द नदी तक नाला सफाई कराने, ग्राम शिवसिंहपुर नि. रामऔतार ने वसीयत के आधार पर खतौनी में दर्ज होने छूट जाने से सहखातेदार के साथ नाम दर्ज कराने, नगला सकरी नि. शैतान सिंह ने गाटा संख्या-142 पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम तरौली नि. अनुपम सिंह ने संम्पर्क मार्ग बनवाने, ग्राम नखतपुर नि. नेत्रपाल सिंह ने भाई भतीजों द्वारा प्रशासन को गलत तरीके से गुमराह कर पैतृक भूमि पर किये गये अवैध कब्जे को खाली कराने, मोटा रोड बेवर नि. अरूणेश कुमार ने भू-माफियाओं द्वारा प्लाट पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाने, ग्राम गनेशपुर नि. सरोज देवी ने बैनामाशुदा प्लाट पर विपक्षियों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम औड़ेन्य पड़रिया नि. मातादीन ने भूमि की पैमाइश कराकर बंद पड़े चकरोड़ को खुलवाने, ग्राम शिव सिंह पुर नि. राम औतार सिंह ने गाटा संख्या- 3639 पर किये गये अवैध कब्जे को कब्जामुक्त कराने, उद्देतपुर नि. ईश्वरदयाल ने गाटा संख्या- 184 पर विपक्षियों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को खाली कराने, ग्राम ककरिया नि. राम सेवक ने दबंगई, गुण्डई के बल पर विपक्षियों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने की मॉग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
जन-सुनवाई के दौरान उदय चौहान, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।



