मैनपुरी(सुवि)भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उ.प्र. से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने प्रेस-प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण कार्यवाहियों एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक रूप-रेखा साझा करते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जनपद में 02 महत्वपूर्ण कार्यवाही संचालित हैं, जिनमें प्रथम मतदेय स्थलों का संभाजन एवं द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शामिल है, इन दोनों कार्यवाहियों का उद्देश्य मतदेय स्थलों को मतदाताओं के लिए सुगम बनाना तथा मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, पारदर्शी तैयार करना है। उन्होने कहा कि मतदेय स्थलों के संभाजन का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसके लिए जनपद के समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह आगामी 03 दिवसों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों का स्थलीय, भौतिक निरीक्षण अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं, निरीक्षण के दौरान अक्षांश व देशांतर के साथ मतदेय स्थलों की फोटोग्राफ्स भी लिए जाएं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार किसी भी मतदेय स्थल पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक न हो यदि किसी मतदेय स्थल पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है तो वहां नए मतदेय स्थल के संभाजन का प्रस्ताव तैयार किया जाए, इसके अतिरिक्त यदि कोई भवन पूरी तरह जर्जर हो तो उसके स्थान पर वैकल्पिक उपर्युक्त भवन की व्यवस्था की जाए यदि किसी मतदेय स्थल का कक्ष जीर्ण-शीर्ण अथवा अनुपयुक्त है, तो उसी परिसर के भीतर अन्य कक्ष में उसे स्थानांतरित करने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

श्री त्रिपाठी ने बताया कि मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए 02 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय न करनी पड़े, इसका विशेष ध्यान दिया जायेगा, रास्ते में किसी भी प्रकार का अवरोध यथा नदी, नाला, अथवा दुर्गम मार्ग न हो ताकि मतदाता सुगमता से अपने मतदेय स्थल तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि कोई भी मतदेय स्थल किसी धार्मिक स्थल परिसर, किसी भी राजनीतिक दल के कार्यालय में स्थापित न किया जाए, इन सभी मानकों के आधार पर 03 दिन के अंदर स्थलीय परीक्षण पूर्ण कर ड्रॉफ्ट सूची तैयार की जाएगी, आगामी 19 अक्टूबर तक यह ड्रॉफ्ट सूची समस्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराकर इसका प्रकाशन कराया जाएगा, इसके पश्चात 23 अक्टूबर तक राजनीतिक दलों, जन-सामान्य से दावे, आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी, प्राप्त सभी दावों, आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत 25 अक्टूबर को बैठक कर अंतिम रूप दिया जाएगा, 27 अक्टूबर तक समस्त संस्तुतियों सहित प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को प्रेषित कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में किए गए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान चिह्नित ए.एस.डी. (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) सूची का बी.एल.ओ. के माध्यम से घर-घर जाकर पुनः सत्यापन कराया जा रहा है, इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि कोई पात्र मतदाता पूर्व में अनुपस्थित होने या किसी त्रुटिवश छूट गया हो अथवा वर्तमान में उपलब्ध है, तो उसका नाम विलोपित न हो, ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों से फॉर्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराए जायेंगे, जन-सामान्य की सुविधा के लिए दि. 17, 24 अक्टूबर को विशेष तिथियां निर्धारित की गयी हैं, जिसके तहत जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, इन कैंपों पर संबंधित बी.एल.ओ. मतदाता सूची और ए.एस.डी. सूची सहित उपस्थित रहेंगे। उन्होने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वह अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट को इन विशेष तिथियों पर मतदेय स्थलों पर अवश्य सक्रिय रखें ताकि बी.एल.ओ. के साथ मिलकर वास्तविक मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित कराया जा सके। उन्होने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान दि. 12 नवंबर से प्रारंभ होकर 11 दिसंबर तक संचालित होगा, इस अवधि में दावे, आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, यह पुनरीक्षण कार्यक्रम 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर संपन्न होगा अर्थात ऐसे सभी युवा नागरिक जो 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वह मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं, अभियान के दौरान कलेक्ट्रेट, समस्त तहसीलों में हेल्प-डेस्क की स्थापना की जायेगी, जो प्रतिदिन प्रातः 08 बजे से सायं 08 बजे तक क्रियाशील रहेगें, मतदाताओं की सुविधा हेतु जिला मुख्यालय पर कन्ट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नम्बर 05672-297118 है।

जिलाधिकारी ने बताया कि दि. 27 अक्टूबर 2025 को प्रारंभ प्रगाढ़ पुनरीक्षण के समय जनपद की विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी, भोगांव, किशनी, करहल में कुल 14 लाख 03 हजार 413 मतदाता थे, प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान जनपद में कुल 02 लाख 26 हजार 875 मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से विलोपित किये गये, जिसमें विधान सभा क्षेत्र मैनपुरी में 74880, विधान सभा क्षेत्र भोगांव में 57089, विधान सभा क्षेत्र किशनी में 41414 एवं विधान सभा क्षेत्र करहल में 53492 मतदाताओं के नाम विलोपित किये गये, दि. 06 जनवरी 2026 को आलेख्य प्रकाशन के दौरान यह संख्या घटकर 11 लाख 76 हजार 538 रह गई तद्ोपरंात दि. 10 अप्रैल 2026 को अंतिम प्रकाशन के दौरान 82 हजार 425 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किये गये, जिससे कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 12 लाख 58 हजार 963 हो गई, संपूर्ण प्रक्रिया में वास्तविक रूप से कुल 01 लाख 44 हजार 450 मतदाता विलोपित हुए। उन्होने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 107-मैनपुरी में 03 लाख 01 हजार 299, विधानसभा क्षेत्र 108-भोगांव में 03 लाख 14 हजार 141, विधानसभा क्षेत्र 109-किशनी (अ.जा.) में 02 लाख 89 हजार 237 एवं विधानसभा क्षेत्र 110-करहल में 03 लाख 54 हजार 286 मतदाताओं के नाम सूची मंे शामिल हैं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द उपस्थित रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here