मैनपुरी(सुवि)भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित विशेष अभियान के अन्तर्गत आयोजित बूथ दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने तहसील कुरावली, सदर के कई मतदान केंद्रों, मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने बूथ के ए.एस.डी. अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं डुप्लीकेट सूची का मिलान भली-भांति करें, प्रत्येक घर का भ्रमण कर वास्तविक जानकारी करें कि एस.आई.आर. के दौरान जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से विलोपित किये गये हैं यदि वास्तव में उनमें से कोई नाम गलती से विलुप्त हुआ है तो उससे तत्काल फॉर्म-6 भरवाकर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल करायें। उन्होने मलखान सिंह इंटर कॉलेज के बूथ संख्या-336, 337, 338, 339, लल्लू सिंह इंटर कॉलेज कुरावली स्थित बूथ संख्या-343, 344, 346, 347, कंपोजिट विद्यालय गोला बाजार के बूथ संख्या-82, 84, 86, 87, 88, 90, विकास खंड सदर परिसर में स्थित बूथ संख्या-226, 227, 229, 230 एवं कंपोजिट विद्यालय आवास विकास स्थित बूथ संख्या-190, 191, 192 का निर्माण कर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा संक्षिप्त विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से विलुप्त किए गए मतदाताओं के सत्यापन की जानकारी करते हुए बूथ लेवल अधिकारी को निर्देशित किया कि 23 अक्टूबर तक अपने-अपने बूथ के ऐसे मतदाता जिनके नाम एस.आई.आर. के दौरान कट गए हैं, के घरों का शत-प्रतिशत सत्यापन कर पात्र मतदाताओं से फार्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल करायें, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान मलिखान सिंह इं.कॉ., लल्लू सिंह इं.कॉ. परिसर में बी.एल.ओ. के बैठने के लिए मेज, कुर्सी, छाया, पेयजल जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं का अभाव देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए केंद्र प्रभारी, अभिहीत अधिकारी को निर्देशित किया कि तत्काल प्रभाव से मतदान स्थल पर पर्याप्त मेज-कुर्सी की व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि बी.एल.ओ. को मतदाताओं के फॉर्म भरने एवं सत्यापन कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होने मलिखान सिंह इं.कॉ., पर तैनात पदाभिहित अधिकारी को अनुपस्थिति पाये जाने, सुपरवाइजर द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन न करने पर चेतावनी, नोटिस जारी करने के आदेश दिए। उन्होने समस्त उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, सुपरवाइजरों एवं बी.एल.ओ. को निर्देशित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की बुनियादी इकाई मतदाता सूची है इसलिए इसके पुनरीक्षण कार्य को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पूरा किया जाए, निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, गैर-जिम्मेदारी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कठोरतम दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
बूथ लेवल अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि घर-घर सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि कई मतदाता गांव से बाहर अथवा अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं, कुछ मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं है, जिनसे फॉर्म-6 मौके पर ही भरवाकर ऑनलाइन किया जा रहा है, अधिकांश बी.एल.ओ. ने बताया कि एस.आई.आर. के दौरान विलुप्त मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, उप जिलाधिकारी कुरावली प्रदीप कुमार सिंह, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी, राजस्व निरीक्षक बृजेश राठौर, अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे।



