मैनपुरी(सुवि) प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं, मंशानुरूप महिलाओं, बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित ’’मिशन शक्ति’’ के अंतर्गत आज जनपद में 10 दिवसीय विशेष अभियान का विधिवत् शुभारंभ किया गया, शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर आयोजित इस विशेष अभियान के प्रथम दिवस पर जनपद मुख्यालय पर एक विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जन-जागरूकता रैली में विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं, शिक्षिकाएं, महिला चिकित्सक, आशा, ए.एन.एम., स्टाफ नर्स, महिला सफाईकर्मी, महिला पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, पी.आर.डी. जवान आदि ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई, हाथों में महिला सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तीकरण के संदेश लिखे पोस्टर व तख्तियां लिए प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ समाज को जागरूक करने का संकल्प दोहराया, रैली कलैक्ट्रेट से प्रारंभ होकर लोक निर्माण विभाग निरीक्षण भवन, जेल चौराहा, कुरावली तिराहा होते हुए कुरावली रोड, जजेज कॉलौनी, लोक निर्माण विभाग कार्यालय होते हुए कलैक्ट्रेट में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

IMG 20261012 WA0012

रैली मंे उपस्थित महिलाओं, छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास, उनकी गरिमा की रक्षा, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है, ’मिशन शक्ति’ केवल एक औपचारिक कार्यक्रम अथवा अभियान नहीं है बल्कि यह समाज की सोच और दृष्टिकोण में सकारात्मक व युगांतकारी परिवर्तन लाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि नारी शक्ति की आराधना और उनके सामर्थ्य का पर्व है, ऐसे में इस 10 दिवसीय विशेष अभियान के माध्यम से शासन की नीतियों, कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षात्मक उपायों को प्रत्येक गाँव, मजरे, वार्ड की हर पात्र महिला तक पहुँचाना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होने कहा कि जनपद के सभी संबंधित विभाग विशेषकर पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास तथा ग्राम्य विकास आपसी समन्वय स्थापित कर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी आजीविका योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र महिलाओं को त्वरित गति से उपलब्ध कराया जाए।

पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि शारदीय नवरात्रि के अवसर पर शासन द्वारा ’मिशन शक्ति’ के तहत यह 10 दिवसीय विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा व्यवस्था के प्रति पूर्णतः जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओ-बेटियों की सुरक्षा जनपद पुलिस की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है, अभियान के अंतर्गत अगले 10 दिनों तक पुलिस की एंटी-रोमियो स्क्वॉड, महिला सुरक्षा दल तथा थाना स्तर पर गठित टीमें स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर जागरूकता चौपालें आयोजित करेंगी। उन्होंने महिला हेल्प-लाइन नम्बर-1090, आपातकालीन सेवा-112, महिला हेल्पलाइन नम्बर-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नम्बर-1076 के सम्बन्ध में भी महिलाओं, बालिकाओं को जानकारी उपलब्ध कराने का आव्हान किया।

अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद ने जन-जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने आस-पास महिलाओं, बालिकाओं का पूरा सम्मान करे, शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी के अभाव में कोई भी महिला अपने अधिकारों से वंचित न रहे इसके लिए शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक सम्बन्धित विभाग जागरूकता अभियान संचालित करें ताकि प्रत्येक पात्र महिला संचालित योजना का लाभ पाकर स्वावलम्बी, आर्थिक रूप से समृद्ध बन सके। उन्होने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि एक सभ्य और प्रगतिशील समाज की पहचान इस बात से होती है कि वहाँ महिलाओं-बेटियों को कितना सुरक्षित, सम्मानित, स्वतंत्र वातावरण प्राप्त है।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस एवं अन्य विभागों के बेहतर तालमेल से रैली के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जिला, पुलिस प्रशासन महिलाओं को भयमुक्त व सुरक्षित परिवेश उपलब्ध कराने के लिए दिन-रात पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है, प्रत्येक थाने में महिला हेल्प-डेस्क संचालित है जहां महिला पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं तकि पीड़ित महिला, बालिका निःसंकोच अपनी बात कह सके। रैली में ’’नारी को शिक्षित करो-राष्ट्र को समृद्ध बनाओ’’, ’’मिशन शक्ति-नारी शक्ति जिंदाबाद’’, ’’नारी का करो सम्मान’’, ’’नारी का मान-देश की शान’’, ’’नारी को दो पूरा मान-मत करो उसका अपमान’’, ’’नारी का सम्मान जहां-तरक्की और खुशहाली वहां’’ जैसे नारों से रैली मार्ग पर वातावरण गॅूज रहा था।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह भदौरिया, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना हेमलता, बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा के अलावा बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी, शिक्षिकाएं, महिला चिकित्सक, आशा, ए.एन.एम., महिला सफाई कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं आदि उपस्थित रहीं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here