मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना औंछा में जन-समस्याएं सुनने के दौरान उपस्थित कानून-गो, लेखपाल, पुलिस कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भूमि विवादों के प्रकरण में बेहद संवेदनशील रहकर कार्य करें, थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों पर मौके से ही राजस्व, पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजकर यथासंभव उसी दिन समस्या का निदान कराया जाए, दबंग, गुंडा प्रवृत्ति के व्यक्तियों द्वारा अनाधिकृत कब्जा करने की शिकायत करने वालों को यदि डराया-धमकाया जाए तो ऐसे लोगों के विरुद्ध धारा-107/16 में पाबंदी की कार्यवाही कर उन्हें भारी मुचलके में पाबंद किया जाए, सुनिश्चित किया जाए की कोई भी दबंग व्यक्ति किसी कमजोर व्यक्ति की भूमि पर अनाधिकृत कब्जा न करें। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही के बाद भी भूमि पर जबरन कब्जों की शिकायतें निरंतर प्राप्त हो रही है, जिससे प्रतीत होता है कि राजस्व कर्मियों द्वारा धरातल पर अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि राजस्व कर्मी, लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र में अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव कार्यवाही करें, संपूर्ण समाधान दिवस, मिशन समाधान में यदि अनधिकृत कब्जा हटवाया जा चुका है या पक्की पैमाइश के बाद मुड्डी लगाई गई है और उसे किसी के द्वारा तोड़ दिया गया है, तो ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाए।
थाना औंछा मंे नगला कंचन नि. फरीदन ने गाटा संख्या-558 पर विपक्षियों द्वारा जबरन कब्जा किये जाने तथा जान से मारने की धमकी देने, छतारी नि. अनीता ने भूमि की पैमाइश के उपरांत भी दबंग व्यक्तियों द्वारा खेती करने में अवरोध उत्पन्न करनेे, विक्रमपुर नि. प्रीती कठेरिया ने भू-माफिया, गुण्डा किस्म के व्यक्तियों द्वारा भूमि पर जबरन कब्जा करने तथा जान से मारने की धमकी देने, ग्राम नगला मोती नि. नवीश चन्द्र ने गाटा संख्या-938 पर विपक्षी द्वारा अवैध रूप से किये गये कब्जे को खाली कराने, ईकरी नि. शिववीर सिंह ने गाटा संख्या-823 पर दबंग व्यक्तियों द्वारा किये गये कब्जे को कब्जामुक्त कराने, नगला आधंरा नि. पृथ्वीराज सिंह ने गाटा संख्या-171 पर विपक्षियों द्वारा जबरन कब्जा किये जाने, ग्राम किचौरा नि. माताराम ने पट्टाशुदा भूमि की पैमाइश कराकर कब्जामुक्त कराने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होने मौके से ही पुलिस, राजस्व की संयुक्त टीम तहसीलदार, थानाध्यक्ष के निर्देशन में गठित कर आज ही मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान कराकर फरियादियों को तत्काल राहत पहूॅचाने के निर्देश दिये।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी कुरावली, तहसीलदार कुरावली, प्रभारी निरीक्षक औंछा, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here