मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पूर्व सघन सत्यापन अभियान, छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने एवं विलोपित नामों की धरातलीय पड़ताल का कार्य बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा एक माह तक किया जायेगा, बी.एल.ओ. प्रतिदिन कम से कम 20-25 घरों का भौतिक सत्यापन करेंगें। उन्होने कहा कि जनपद में एक माह का विशेष अभियान संचालित होगा जिसके अंतर्गत प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी घर-घर भ्रमण कर मतदाताओं की वास्तविक स्थिति की जांच करेंगे, बी.एल.ओ. द्वारा पुरानी मतदाता सूची, वर्तमान नामावली का तुलनात्मक मिलान किया जाएगा, जिन मतदाताओं के नाम पूर्व सूची में सम्मिलित थे किंतु वर्तमान सूची में प्रदर्शित नहीं है, उनकी पृथक सूची बनाकर मौके पर भौतिक सत्यापन किया जाएगा, इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र अथवा जीवित मतदाता अनजाने में सूची से बाहर न रहे और केवल वास्तविक कारणों जैसे मृत्यु, स्थायी स्थानांतरण अथवा दोहरी प्रविष्टि के आधार पर ही नाम विलोपित हों। उन्होने निष्पक्ष, पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समस्त राजनैतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करने का आह्वान करते हुए कहा कि 02 दिन में अपने-अपने बीएलए की अद्यतन सूची अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें ताकि बूथ स्तर पर बी.एल.ओ. और बी.एल.ए. का सीधा समन्वय स्थापित कराया जा सके।
श्री त्रिपाठी ने निर्देशित किया कि घर-घर भ्रमण के दौरान मिलने वाले सभी छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं से तत्काल फार्म-6 भरवाकर नामावली में शामिल किये जाएगें इसके अतिरिक्त लेबर कॉलोनियों, निराश्रित स्थलों तथा समाज के वंचित वर्गों के शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को भी मतदाता सूची में शामिल किये जायेंगें, अभियान के सुचारु पर्यवेक्षण हेतु वह स्वयं प्रत्येक शुक्रवार को सायं 04 बजे राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ प्रगति समीक्षा बैठक करेंगे इसके अतिरिक्त तहसील स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रत्येक शनिवार को राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर अभियान की समीक्षा सुनिश्चित करेंगे साथ ही जनपद में तैनात 124 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा भी क्षेत्रों में जाकर बी.एल.ओ. के कार्यों की निगरानी की जायेगी।
बैठक में पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं के घटे व बढ़े मतदाताओं की स्थिति की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को बताया कि दि. 27 अक्टूबर 2025 को प्रारंभ प्रगाढ़ पुनरीक्षण के समय जनपद की विधानसभा क्षेत्र मैनपुरी, भोगांव, किशनी, करहल में कुल 14 लाख 03 हजार 413 मतदाता थे, प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान जनपद में कुल 02 लाख 26 हजार 875 मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से विलोपित किये गये, दि. 06 जनवरी 2026 को आलेख्य प्रकाशन के दौरान यह संख्या घटकर 11 लाख 76 हजार 538 रह गई तद्ोपरंात दि. 10 अप्रैल 2026 को अंतिम प्रकाशन के दौरान 82 हजार 425 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किये गये, जिससे कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 12 लाख 58 हजार 963 हो गई, संपूर्ण प्रक्रिया में वास्तविक रूप से कुल 01 लाख 44 हजार 450 मतदाता विलोपित हुए। उन्होने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 107-मैनपुरी में 03 लाख 01 हजार 299, विधानसभा क्षेत्र 108-भोगांव में 03 लाख 14 हजार 141, विधानसभा क्षेत्र 109-किशनी (अ.जा.) में 02 लाख 89 हजार 237 एवं विधानसभा क्षेत्र 110-करहल में 03 लाख 54 हजार 286 मतदाताओं के नाम सूची मंे शामिल हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, किशनी, श्याम प्रताप सिंह, पीयूष कुमार जायसवाल, नवनीता राय, उप जिलाधिकारी न्यायिक अरविन्द कुमार सिंह, निर्वाचन कार्यालय से सुनील मिश्रा, अवनीश सक्सैना, अजय अम्बेश के अलावा राष्ट्रीय कॉग्रेस पार्टी से जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ, अपना दल के जिलाध्यक्ष गौरव पाल एड., भारतीय जनता पार्टी से जिला उपाध्यक्ष पंकज भदौरिया, अर्जुन सिंह चौहान, समाजवादी पार्टी से जिला महा सचिव राम नारायन बाथम, कॉग्रेस से जिला कोषाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा, जिला महा सचिव अनुपम सिंह शाक्य, आम आदमी पार्टी से संतोष श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।



