मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में प्रत्येक गुरूवार को आयोजित होने वाले ’’मिशन समाधान’’ का असर अब धरातल पर दिखाई दे रहा है, विगत् मिशन समाधान दिवसों में ग्रामसभा की सैकड़ों बीघा भूमि खाली करायी गयी, आज ’’मिशन समाधान’’ में अधिकांश प्रकरण दोनों पक्षों की मौजूदगी में दोनों की सहमति के आधार पर निस्तारित किये गये। आज जिलाधिकारी ने स्वयं नगर पालिका के वार्ड जगरूपपुर पहुंच गांव के 03 चकरोड़ एवं मरघट की भूमि पर विगत् कई वर्षों से अनाधिकृत कब्जों की शिकायत का मौके पर जाकर अपनी मौजूदगी में चकरोड़ों की पैमाइश कराकर जे.सी.बी. से मौके पर मिट्टी डलवाकर चकरोड़ों को कब्जामुक्त कराकर ग्रामीणों को आवागमन की राहत प्रदान की वहीं ग्रामवासी रघुनंदन, जगदीश, रमेश, सुधीर, बेनीराम, नितिन आदि द्वारा गांव के मरघट की भूमि पर अनाधिकृत कब्जे के कारण अंत्येष्टि करने में आ रही कठिनाईयांे से निजात दिलाने की मॉग पर मौके पर ही राजस्व की टीम से मरघट की भूमि की पैमाइश कराकर अनाधिकृत कब्जे को खाली कराकर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की। उन्होने राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों को हिदायत देते हुए कहा कि चकमार्ग, चकरोड आमजन के आवागमन के लिए हैं, चकमार्गों पर अनाधिकृत कब्जों के कारण कृषकों को अपने खेत तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है साथ ही ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा होती है। उन्होने सचेत करते हुए कहा कि राजस्व अधिकारी, कर्मचारी सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में कहीं भी चकमार्गों, सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे न रहें जहां भी पूर्व में चकमार्गों की पैमाइश के उपरांत अनाधिकृत कब्जे हटाये गये हैं, उन पर यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया गया हो तो ऐसे व्यक्तियों को भू-माफिया में चिन्हित कर सुसंगत धाराओं में प्रभावी कार्यवाही की जाये।

आज 06 तहसीलों में पुलिस, राजस्व की 29 संयुक्त टीमें गठित कर चिन्हित किये गये 136 प्रकरणों में मौके पर उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, प्रभारी निरीक्षक, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी के साथ लेखपाल एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने चिन्हित प्रकरणों में मौके पर जाकर कार्यवाही की। तहसील सदर में चिन्हित 25 प्रकरणों में 05 टीमें उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, तहसील भोगांव में चिन्हित 28 प्रकरणों में 07 टीमें उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार भोगांव, तहसील किशनी में चिन्हित 15 प्रकरणों में 03 टीमें उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार किशनी, तहसील करहल में चिन्हित 15 प्रकरणों में 03 टीमें उप जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी न्यायिक, तहसीलदार करहल, तहसील कुरावली में चिन्हित 24 प्रकरणों में 05 टीमें उप जिलाधिकारी, तहसीलदार कुरावली तथा तहसील घिरोर में चिन्हित 29 प्रकरणों में 06 टीमें उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार घिरोर के नेतृत्व में चिन्हित शिकायतों में से अधिकांश शिकायतों का निस्तारण दोनों पक्षों की आपसी सुलह-समझौते केे आधार पर कराया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप सिंह, राजस्व निरीक्षक बृजेश राठौर, आई.जी.आर.एस. अनुभाग से अनुज कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल, सभासद् आदि उपस्थित रहे।



