मैनपुरी(सुवि)टीबी-मुक्त भारत अभियान के लिए जोश टीम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, युवा एवं खेल मंत्री, केंद्रीय राज्यमंत्री खेल-कूद एवं रक्षा मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा संयुक्त रूप से भारत मंडपम् में किया गया, उक्त कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के उपरांत जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को टीबी-मुक्त बनाने का बीड़ा उठाया है इसके लिए तमाम योजनाएं संचालित की हैं, चिन्हित क्षय रोगियों को पोषण पोटली के साथ मुफ्त जांच, दवा की व्यवस्था एवं मासिक रूप से भुगतान की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि अब क्षय रोग ला-इलाज बीमारी नहीं है, नियमित रूप से दवा का सेवन करने, सावधानी बरतने से यह बीमारी जड़ से समाप्त होती है, कई चिन्हित क्षय रोगी नियमित रूप से दवा का सेवन करने से पूर्ण रूप से बीमारी से निजात पा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग भी इस बीमारी से ग्रसित लोगों को चिन्हित कर उन्हें नियमित रूप से दवा उपलब्ध कराने के लिए संवेदनशील होकर कार्य कर रहा है, जनपद के चिन्हित रोगियों को निःशुल्क जांच के साथ नियमित रूप से पोषण पोटली किट उपलब्ध कराई जा रही है ताकि वह जल्द से जल्द इस बीमारी को हराकर निःरोग होकर स्वस्थ जीवन जी सकें।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ.आशुतोष के अलावा जिला उपाध्यक्ष पंकज भदौरिया आदि उपस्थित रहे।



