मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जूम मीटिंग के माध्यम से जन-शिकायतों के निस्तारण, यूऱिया, डी.ए.पी. की उपलब्धता, गो-आश्रय स्थलों के संचालन, गो-संरक्षण सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा के दौरान नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ अधिकारियों द्वारा जन-शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरती जा रही है, जिस कारण आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की खराब प्रगति पर पूर्ति निरीक्षक कुरावली, चकबंदी अधिकारी सदर, करहल का आज का वेतन तत्काल प्रभाव से रोके जाने के निर्देश देते हुए जिला पूर्ति अधिकारी से कहा कि वह अपने पूर्ति निरीक्षकों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रतिदिन समीक्षा करें। उन्होंने कहा की अन्नदाता किसान को डी.ए.पी., यूरिया समय से उपलब्ध हो, किसी भी किसान को उर्वरक प्राप्त करने में कठिनाई का सामना न करना पड़े, सभी सहकारी समितियांे पर पर्याप्त मात्रा में डी.ए.पी., यूरिया उपलब्ध रहे, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रतिदिन कम से कम 05-05 सहकारी समितियों का निरीक्षण कर उर्वरकों की उपलब्धता का सत्यापन करें, किसानों को निर्धारित मूल्य पर यूरिया, डी.ए.पी. की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ओवर रेटिंग करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाए।
श्री त्रिपाठी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिदिन निराश्रित गोवंशों के संबंध में शिकायतें प्राप्त हो रही है, कुछ निर्धारित स्थानों पर निराश्रित गोवंश सड़कों पर दिखाई दे रहे है, बार-बार निर्देशों के बाद भी संबंधित खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय पशु चिकित्साधिकारियों द्वारा सड़कों पर घूम रहे, निराश्रित गोवशों के संरक्षण हेतु प्रभावी कार्यवाही नहीं की जा रही है, गौशालाओं में भी संरक्षित गोवंशों की देखभाल में लापरवाही बरतने की शिकायतें प्राप्त हो रही है। उन्होंने गत् दिवस विकास खंड जागीर के ग्राम बखतपुर में मृत पाए गए गोवंश प्रकरण में असतांेष करते हुए उप जिलाधिकारी भोगांव को प्रकरण की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल, पशु चिकित्साधिकारी का उत्तरदायित्व निर्धारित कर इनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए साथ ही ग्राम प्रधान को नोटिस जारी कर प्रशासक के अधिकार सीज किए जाएं। उन्होंने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने, समय से कार्यालय में उपस्थित न होने पर पशु चिकित्साधिकारी सदर, बेवर, घिरोर, कुरावली, करहल, जागीर का भी आज का वेतन अग्रिम आदेशों तक तत्काल प्रभाव से रोके जाने के निर्देश दिए।



