मैनपुरी(सुवि)विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी आगरा खंड स्नातक, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि जिला प्रशासन उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन कोे निष्पक्ष, शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए कटिबद्ध है, किसी भी व्यक्ति को आचार संहिता का उल्लघंन करने की इजाजत नहीं होगी, आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जायेगा, निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होने कहा कि प्रचार-प्रसार के दौरान एस.एम.एस., वॉयस मैसेज, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, टीवी चौनल, केबल नेटवर्क, सिनेमा हॉल एवं सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार सामग्री निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुरूप ही प्रसारित की जाए, वाहनों के दुरुपयोग को रोकने तथा प्रचार वाहनों के विनियमन संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा, मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व प्रचार-प्रसार पर रोक संबंधी प्राविधानों का भी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन पर चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र, राज्य सरकार के मंत्री ऐसे आधिकारिक दौरे को निर्वाचन कार्य से नहीं जोड़ेगे जहां परिषद निर्वाचन हो रहा है, निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में उद्घाटन अथवा शिलान्यास नहीं किए जाएंगे, आधिकारिक दौरों को निर्वाचन कार्य से न जोड़ा जाए।

श्री त्रिपाठी ने उप जिलाधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रकाश, विद्युत, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, आवश्यक फर्नीचर तथा रात्रि ठहराव सहित न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता मतदान से पूर्व सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान कम्युनिकेशन सबसे महत्वपूर्ण है, सभी प्रभारी अधिकारियों की सूची एवं संपर्क विवरण साझा किए जाएं ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान हो सके, मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम की प्रभावी व्यवस्था रहे, कंट्रोल रूम के प्रभारी ए.डी.एम. न्यायिक रहेंगे तथा प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। उन्होने निर्देश दिए कि किसी कारणवश छूटे पात्र मतदाताओं से संबंधित प्रकरणों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दि. 29 सितंबर तक प्राप्त कर नियमानुसार सत्यापन एवं कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, बिना सत्यापन के किसी भी प्रकरण को आगे न बढ़ाया जाए। उन्होने बताया कि जनपद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र हेतु 11 मतदान केंद्र, 15 मतदेय स्थल तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हेतु 09-09 मतदान केंद्र, मतदेय स्थल निर्धारित हैं, स्नातक निर्वाचन के मतदेय स्थलों पर कुल 11,467 तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 2,321 मतदाता हैं, किशनी के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित मतदेय स्थल पर मतदाताओं की संख्या निर्धारित मानक से अधिक होने के कारण 02 भागों में विभाजित कर सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित किया गया है, जिससे दोनों स्थलों पर मतदान सुचारु रूप से कराया जा सके।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी करहल, घिरोर, किशनी, तेजस कृष्णा प्रसाद, सुनिष्ठा सिंह, नवनीता राय, उप जिलाधिकारी न्यायिक भोगांव अरविन्द कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष कॉग्रेस पार्टी पी.सी. चतुर्वेदी, समाजवादी पार्टी से राम नारायन बाथम, राजीव कुमार, बहुजन समाज पार्टी से दुर्गेश चन्द्रा, जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी संतोष श्रीवास्तव, सी.पी.आई.एम. से जिला सचिव, अपना दल से सुरजन सिंह, निर्वाचन कार्यालय से सुनील मिश्रा, अवनीश सक्सैना, अजय अम्बेश आदि उपस्थित रहे।



