कुंवर आरसी महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की संयुक्त इकाइयों के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत छात्राओं के लिए स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं को प्रेरित करना रहा।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए नशा मुक्ति, युवा शक्ति, स्वस्थ समाज एवं विकसित भारत की संकल्पना से जुड़े प्रभावशाली एवं प्रेरणादायी स्लोगन लिखे। छात्राओं ने अपने स्लोगनों के माध्यम से ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’, ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ जैसे संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधक बनता है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जया सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे जैसी बुराइयों से मुक्त रहेंगे तो वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में कर सकेंगे। उन्होंने छात्राओं से नशा मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।



