मैनपुरी 05 जुलाई 2022- वायुमंडल को शुद्ध बनाने, मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बढ़ाने, पर्यावरण को संतुलित करने, आगे आने वाली पीढ़ी को बेहतर पर्यावरण, शुद्ध ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, घटते जल स्तर को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्ष रोपित कर उनकी देखभाल करनी होगी, घटते वन क्षेत्रों के दुष्परिणाम हम सबके सामने हैं, पेड़ों की कम संख्या के कारण पर्यावरण में तेजी से असंतुलन पैदा हो रहा है, तापमान तेजी से बढ़ा है, जलस्तर का घटना, नदियों, समुंदर में जलस्तर का बढ़ना, बरसात का लगातार कम होना, सभ्य समाज के लिए चिंता का विषय है यदि इस ओर अभी से ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में हमारे सामने भयावह परिणाम होंगे, पेड़ों की कम संख्या के फलस्वरुप वातावरण में ऑक्सीजन का लेवल घटेगा, जो मानव जीवन के लिए बेहद खतरनाक साबित होगा, सभी जनपदवासी वृक्षारोपण जन आंदोलन-2022 में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और पर्यावरण को बचाने, भावी पीढ़ी को पर्यावरणीय संकटों से बचाने के लिए पेड़ लगाएं और उनकी देखभाल कर जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाएं।
उक्त उद्गार प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन, वृक्षारोपण हेतु नामित नोडल अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने वन महोत्सव के अन्तर्गत आज अपने कर-कमलों से रतिभानपुर में पीपल, पाकड़, सैनिक स्कूल में बरगद तथा जनपद के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण जन आन्दोलन अभियान-2022 के अन्तर्गत किये जो रहे वृक्षारोपण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुये व्यक्त किये। उन्होने कहा कि वृक्षों के आसपास रहने से जीवन में मानसिक संतुष्टि मिलती है, वनों से हमे औषधीय जड़ी बूटियां, गोंद,घास आदि प्राप्त होती है, वृक्ष तापमान को सामान्य बनाने में सहायक, भूमि को बंजर होने से रोकने में महती भूमिका निभातें है, वृक्ष दूषित वायु को ग्रहण करके हमें शुद्ध एवं जीवनदायक ऑक्सीजन प्रदान करते है, हवा और पानी जितना जरूरी है, उतना ही आवश्यक वृक्ष हैं इसलिए वनों की सुरक्षा के साथ अधिक से अधिक वृक्ष रोपित करने होंगे। उन्होने कहा कि देश की समृद्धि में वृक्षों का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए राष्ट्र के हर नागरिक को स्वयं और राष्ट्र के हित के लिए वृक्षारोपण करना बहुत आवश्यक है, जहां वृक्ष पर्याप्त मात्रा में होते है, वहां वर्षा भी अधिक होती है, वृक्षों से पर्यावरण की खूबसूरती में निखार आता है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, जिला कृषि अधिकारी सूर्यप्रताप आदि उपस्थित रहे।