डॉ. किरन सौजिया पब्लिक स्कूल, मैनपुरी के सभागार में रविवार को भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार एवं मुख्य अतिथि मुक्तक सम्राट लाखन सिंह भदौरिया ‘सौमित्र’ ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया।

कवि सम्मेलन में शहर के साथ-साथ विभिन्न जनपदों व राज्यों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में डॉ. धुवेन्द्र भदौरिया (एटा), डॉ. रुचि चतुर्वेदी (आगरा), डॉ. रमाकांत शर्मा (भिवानी, हरियाणा), डॉ. कुश चतुर्वेदी (इटावा), कवि पदम गौतम (धौलपुर) तथा डॉ. अनिल मान मिश्र (मैनपुरी) सहित कई कवियों ने अपनी कविताओं और मुक्तकों से समां बाँध दिया। सभी अतिथि कवियों का विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार ने मुकुट, सैश एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत व सम्मान किया।

इस अवसर पर मुक्तक सम्राट लाखन सिंह भदौरिया ‘सौमित्र’ की पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया। उनकी चर्चित कृति ‘माटी और मुक्तक’ के द्वितीय संस्करण (2025) का लोकार्पण किया गया, जिसका प्रथम संस्करण वर्ष 1964 में प्रकाशित हुआ था। साथ ही उनकी प्रसिद्ध गद्य कृति ‘माटी के आखर’ का भी विमोचन किया गया। इसके अलावा डॉ. अनिल मान मिश्र के कविता संग्रह ‘पीड़ा का अनुवाद’ का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में कवियों ने अपनी सशक्त रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को साहित्य की रसधारा से सराबोर कर दिया।

इस मौके पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. किरन सौजिया, मैनेजिंग डायरेक्टर विद्यांशु सौजिया, डॉ. संजय कुमार, सतवीर, शिव कुमार सिंह, एनसीसी एएनओ प्रदीप कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।