मैनपुरी: कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की संयुक्त इकाई के तत्वावधान में आज (11 मार्च को) धूम्रपान निषेध दिवस 2026 के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह दिवस प्रतिवर्ष मार्च के दूसरे बुधवार को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को धूम्रपान और तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इस आदत को छोड़ने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की एनएसएस स्वयंसेविका छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को तंबाकू और धूम्रपान से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान, जैसे फेफड़ों की बीमारियाँ, हृदय रोग तथा कैंसर जैसी घातक बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही छात्राओं को यह भी बताया गया कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि समाज और परिवार के लिए भी हानिकारक है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना आज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि धूम्रपान और तंबाकू जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर ही एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं इन बुराइयों से दूर रहें और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करें। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि धूम्रपान निषेध दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की महत्वपूर्ण शक्ति है और उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस की सभी स्वयंसेविका छात्राओं ने धूम्रपान और तंबाकू से दूर रहने तथा समाज को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं स्वस्थ जीवनशैली अपनाएंगी और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज में भी नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करेंगी। यह कार्यक्रम छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल सिद्ध होगी।



