मैनपुरी। कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की संयुक्त इकाई के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का सातवां एवं अंतिम दिवस उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ NSS लक्ष्य गीत “उठे समाज के लिए उठे-उठे” के सामूहिक गायन से हुआ, जिसने स्वयंसेविकाओं में समाज सेवा के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया। इसके पश्चात छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

IMG 20260222 WA0017

समापन समारोह की औपचारिक शुरुआत वंदे मातरम् गीत के साथ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन द्वारा हुई। मुख्य अतिथि डॉ. सुशीला त्यागी (संयुक्त सचिव, कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय) का स्वागत कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा किया गया। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने स्वयंसेविकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को संघर्षों का सामना करते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपने परिवार, समाज और संस्थान का गौरव बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सेफाली यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सात दिवसीय शिविर में प्राप्त अनुभव और सीख को जीवनभर याद रखना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को समाज सेवा की भावना को व्यवहार में उतारने और शिविर में सीखी बातों का उपयोग व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाजहित में करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेविकाओं ने मतदाता जागरूकता और बाल विवाह निषेध विषयों पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। साथ ही समूह नृत्य, रंगोत्सव, एकल गायन और शिविर अनुभवों पर फीडबैक ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए स्वयंसेविकाओं को नोटपैड एवं पेन भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दिनभर की गतिविधियों का समापन NSS संकल्प गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर श्री राजेश सेन, डॉ. अंकिता सिंह,कु रंगोली, श्री अवधेश सक्सेना, सुषमा यादव, अरुण एवं महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।