मैनपुरी। कुंवर आर.सी. महिला महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा जनवरी माह कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना की संयुक्त इकाइयों द्वारा निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।
प्राचार्य डॉ. शेफाली ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाएं आज एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुकी हैं, जिनसे बचाव केवल नियमों के पालन और जागरूकता से ही संभव है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रमअधिकारी डॉ. अनामिका सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने छात्राओं को हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा, यातायात संकेतों एवं मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अपने लेखन और रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से सड़क सुरक्षा, दुर्घटना रोकथाम एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। आयोजन से छात्राओं में सामाजिक चेतना, जिम्मेदारी एवं अनुशासित जीवन मूल्यों का विकास हुआ।



