सार्वजनिक स्थलों सहित बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर जलाए जाएं आलाव, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के अलाव पर रहे पर्याप्त मात्रा में लकड़ी-अंजनी कुमार।

मैनपुरी(सुवि) जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने देर रात्रि शहर के प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, जिला चिकित्सालय में बने अस्थाई जलाये जा रहे अलाव का औचक निरीक्षण करते हुए उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आदेशित करते हुए कहा कि नगर के मुख्य चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर लोगों को सर्दी से बचाव हेतु नियमित रूप से अलाव जलाए जाएं, अलाव जलाए जाने वाले स्थानों पर प्रत्येक दशा में सायं 06 बजे तक लकड़ी पहुंचे, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर पर्याप्त मात्रा में लकड़ी उपलब्ध रहे, अलाव जलाने में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर अलाव जलवाएं। उन्होंने कहा कि अस्थाई रूप से बनाए गए रैन बसेरों में पर्याप्त मात्रा में रजाई, गद्दे उपलब्ध रहें, प्रत्येक रैन बसेरे पर कर्मियों की तैनाती की जाए, रैन बसेरे में रुकने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा डाटा पंजिका में अंकित किया जाए, रेन बसेरों के पास भी अलाव की व्यवस्था रहे, साफ-सफाई के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

IMG 20251227 WA0005

श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मुख्य चौराहों पर मौजूद ऐसे व्यक्तियों, जिनके पास पर्याप्त गर्म कपड़े नहीं थे, उन्हें कम्बल भी उपलब्ध कराए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि शासन स्तर से अलाव, कम्बल हेतु पर्याप्त मात्रा में धनराशि आवंटित की गई है, जनपद में पर्याप्त मात्रा में कंबल उपलब्ध है, प्रत्येक तहसील के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लेखपालों के माध्यम से कंबल तत्काल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करायें, स्वयं भी रात्रि में निकलकर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मुख्य चौराहों पर जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल उपलब्ध करायें। उन्होने कहा कि सभी लोग सकारात्मक सोच के साथ समाज के अन्तिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक किसी न किसी माध्यम से लाभ पहुंचाएं ताकि वह भी सम्मान से अपना जीवन-यापन कर सके।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश, नायब तहसीलदार हरेंश कर्दम, आई.जी.आर.एस. प्रभारी अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे।