आवंटित पट्टों पर पट्टेदार रहें काबिज, अनाधिकृत कब्जों को अभियान चलाकर तत्काल हटाया जाये- जयवीर सिंह।
मैनपुरी(सुवि)जन-सुनवाई के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के सम्मुख जब नगला कीरत नि. निर्मला देवी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि प्रार्थिनी न. कीरत के मंदिर पर रहकर सेवा कर रही है, प्रार्थिनी के पति का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है, आय का कोई अन्य स्रोत न होने के कारण भूमि, आवासविहीन है, प्रार्थिनी ने आवास योजना में आवास उपलब्ध कराने हेतु कई बार प्रार्थना पत्र दिये लेकिन अभी तक पात्र होने के बाद भी उसे आवास योजना का लाभ उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिस पर उन्होंने पत्र को परियोजना अधिकारी डूडा को पृष्ठांकित करते हुए कहा कि मुख्यालय पर विभिन्न योजनाओं के तहत निर्मित कराये गये आवासों में यदि कोई आवास खाली हो तो पात्रता की जॉच कर शिकायतकर्ता को पात्र होने की दशा में आवंटित किया जाये, ग्राम पुड़री नि. नीरज कुमार ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि खसरा संख्या-5281 में .1620 हे. एवं खसरा संख्या-2209 में .09 हे. पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है और मुझे खेती नहीं करने देते इस हेतु कई बार शिकायती पत्र तहसील भोगांव में दे चुका हॅू साथ ही धारा-24 में निर्धारित शुल्क जमा कर मेड़बंदी कराने का अनुरोध भी किया जा चुका है, जिस पर उन्होने कहा कि धारा-24 के प्रकरण निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित किये जायें, किसी भी कमजोर व्यक्ति की भूमि पर कोई दबंग काबिज न रहे, सुनिश्चित किया जाये, आवंटित पट्टों पर पट्टेदार काबिज रहें, अनाधिकृत कब्जों को अभियान चलाकर तत्काल हटाया जाये।
पर्यटनी मंत्री ने कहा कि जनता दर्शन, आई.जी.आर.एस., अन्य प्लेटफॉर्म से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण प्रत्येक विभाग के अधिकारी की जिम्मेदारी है, अधिकारी शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निस्तारण के लिए सजग रहें, किसी भी फरियादी को अपनी शिकायतों के निदान के लिए भटकना न पड़े। उन्होने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में जन-शिकायतों के निस्तारण की स्थिति संतोषजनक है, जनपद निरतंर प्रदेश मे टॉप-10 में शामिल है, लेकिन अभी और सुधार की गुजांइश है।
आज जन-सुनवाई के दौरान राधा रमन रोड नीरज कुमार ने कृषि योग्य भूमि को दंबंगों के कब्जे से मुक्त कराने, देवगंज नि. मधुवाला ने प्राथमिकी दर्ज कराये जाने, ज्योति नि. देवेन्द्र सिंह ने बैनामाशुदा आराजी पर विपक्षी द्वारा निर्माण करने में अवरोध पैदा करने, ग्राम मुकुन्दपुरा नि. आनन्द कुमार ने जनपद इटावा में जीआईसी हॉस्टल के सामने रोजगार के लिए जगह की परमिशन कराये जाने, ग्राम टिकसुरी नि. उमाशंकर, शिवशंकर, बाबू शंकर ने लेखपाल द्वारा उच्चाधिकारियों के आदेश के पश्चात भी रिपोर्ट उपलब्ध न कराये जाने की शिकायती अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवदत्त भदौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, अश्वनी कुमार पाण्डेय, उदय चौहान, भूपेन्द्र यादव, शिखर मोहन, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा के अलावा उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन आदि उपस्थित रहे।



