मैनपुरी(सुवि) जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला स्तरीय समीक्षा समिति बैंकर्स, जिला उद्योग बंधु जिला व्यापार बंधु की बैठक में उपस्थित बैंकर्स से कहा कि शासन की जन-कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं में प्राथमिकता पर ऋण-वितरण कराना सुनिश्चित करें, बैंकर्स सिर्फ धनराशि जमा करने पर ध्यान न दें बल्कि उदार मन से युवाओं को ऋण-वितरण करें ताकि वह अपना स्वतः रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से स्वाबलम्बी बन सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना में बैंकर्स ने काफी बेहतर कार्य किया है, अब तक वार्षिक लक्ष्य 1700 के सापेक्ष 1004 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है लेकिन अभी कुछ बैंकों में इसकी प्रगति संतोषजनक नहीं है, आई.डी.बी.आई. द्वारा 18, इंडियन बैंक द्वारा 28, एक्सिस बैंक द्वारा 19, ग्रामीण बैंक द्वारा 324 आवेदन पत्रांे को निरस्त किया गया है, बैंक ऑफ़ बड़ौदा शाखा औड़ेन्य पड़रिया, नौनेर द्वारा एक भी पत्रावली पर ऋण वितरण नहीं किया गया है। उन्होंने संबंधित बैंकों के शाखा प्रबंधकों से कहा कि पत्रावलियों को निरस्त न करें, जो पत्रावलियां स्वीकृत हो चुकी है, उन पर प्राथमिकता पर ऋण उपलब्ध करायें।
श्री सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा के दौरान पाया कि विभिन्न शाखाओं में 1455 आवेदन पत्र प्रेषित किए गए जिसमें से 722 पत्रावलियों को स्वीकृत कर 659 पर ही ऋण वितरण किया गया है, विभिन्न बैंकों में 104 आवेदन स्वीकृत हेतु लंबित है। उन्होंने बैंकर्स से कहा कि पी.एम. सूर्यघर काफी बेहतर योजना है, इस योजना में केंद्र-प्रदेश सरकार से काफी सब्सिडी भी मिल रही है साथ ही बिजली के बिल में भी काफी कमी आएगी। उन्होंने ऋण जमानुपात की समीक्षा के दौरान बैंकर्स से कहा कि 50 प्रतिशत से कम सी.डी. रेशियो किसी भी दशा में स्वीकार नहीं होगा, अभी इंडियन बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक का सी.डी. रेशियो बेहद निराशाजनक है, संबंधित बैंकर्स कार्य योजना बनाकर सी.डी. रेशियो सुधारने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा के दौरान पाया कि के.सी.सी. के नवीनीकरण लक्ष्य 66975 के सापेक्ष 24022, नये के.सी.सी. के लक्ष्य 29147 के सापेक्ष अब तक 9043 के.सी.सी. निर्गत किये जा चुके हैं। उन्होंने एक जनपद-एक उत्पाद, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, शिक्षा ऋण, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की योजनावार, गहन समीक्षा की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चंन्द्र, अग्रणी जिला प्रबंधक रामचंद्र साहा सहित अन्य संबंधित अधिकारी, व्यापारी बंधु आदि उपस्थित रहे।



