मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ग्राम अलूपुरा में आयोजित कार्यक्रम में रू. 148.60 लाख की लागत से श्री 108 मिट्ठू बाबा सत्यबली आश्रम के पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण कार्य का शिलान्यास करते हुए कहा कि क्षेत्र के श्रृद्धालुओं की मांग पर इस प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार, सौन्दर्यीकरण, पर्यटन विकास का कार्य स्वीकृत हुआ है, मंदिर के जीर्णोद्धार के पश्चात यह आश्रम पुराना स्वरूप प्राप्त करेगा जल्द ही मुख्य मार्ग से आश्रम तक आने वाले सम्पर्क मार्ग का भी निर्माण कराया जायेगा ताकि आश्रम तक आने वाले भक्तों को आवागमन में किसी भी प्रकार असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने कहा कि आजादी से लेकर लगातार पर्यटन एवं संस्कृति विभाग संचालित रहा है लेकिन पूर्व की किसी भी सरकार ने इस विभाग के माध्यम से प्रदेश के पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक महत्व की धरोहरों के जीर्णोद्धार के लिए नहीं सोचा, इस विभाग का पूरा बजट सैफई में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर व्यय होता था लेकिन आज इस विभाग का पैसा श्रृद्धा के केन्द्रों तक पहुंच रहा है, संस्कृति विभाग का बजट आमजन की भावनाओं के अनुरूप धार्मिक स्थलों के विकास पर मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहा है। उन्होने कहा कि यह सब कार्य सुधी मतदाताओं के कारण संभव हो सके हैं, जिन्होने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मताधिकार कर सत्ता सौंपने का कार्य किया, सनातन को बढ़ावा देने वाली सरकार, हिन्दू संस्कंृति को मानने वाली सरकार जब आपने प्रदेश में बनायी तब ही प्राचीन महत्व के मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य संभव हो सका।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि कुरावली क्षेत्र के खिरना खुर्द स्थित हनुमान मंदिर हेतु रू. 172.71 लाख, फतेहगंजपुर में शंकर जी महाराज विराजमान मंदिर हेतु रू. 241.28 लाख, ग्राम चंादपुरा स्थित श्री नैनसुख महाराज जी मंदिर हेतु रू. 166.54 लाख, ग्राम गुलालपुर के श्री ब्रह्मदेव एवं शिव मंदिर हेतु रू. 158.06 लाख, ग्राम जखौआ में श्री हनुमान जी मंदिर हेतु रू. 206.51 लाख, ग्राम ढिबइया में मंदिर हेतु रू. 163.35 लाख की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जल्द ही कुरावली क्षेत्र के इन प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ होगा। उन्होने कहा कि प्रदेश में पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्य प्रगति पर हैं, किसी भी स्तर पर प्रदेश में भ्रष्टाचार की गुजांइश नहीं है, प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य हो रहे हैं, आज किसी में हिम्मत नहीं कि किसी की जमीन पर कब्जा करे, चौथ वसूली, कमीशन का कार्य पूरी तरह बंद हो चुका है।
संस्कृति मंत्री ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति, विरोधी के द्वारा मेरे ऊपर 01 रू. के भ्रष्टाचार, बेइमानी, जमीन पर कब्जा, चौथ वसूली, रिश्वतखोरी का आरोप लगाये तो उसी दिन राजनैतिक सन्यास लेने का कार्य करूंगा। उन्होने कहा कि चरित्र के मामले में भी कोई दोषारोपण नहीं कर सकता, 03 पीढ़ियों से निरतंर राजनीति में सक्रिय हैं, किसी ने आज तक कोई आरोप नहीं लगाया। उन्होने कहा कि हम पूरी तरह ईश्वर पर विश्वास रखते हैं और ईश्वर के पश्चात यहां पर मौजूद प्रत्येक व्यक्ति पर भरोसा रखते हैं, मुझे सिर्फ आप सबके भरोसे की जरूरत है, मुझे किसी भ्रष्टाचारी, बलात्कारी, बेईमानी, किसी अपराधी के संरक्षण की आवश्यकता न थी और न भविष्य में रहेगी, मुझे सिर्फ और सिर्फ भले लोगों का विश्वास, सहयोग चाहिए। उन्होने कहा कि आपके मान-सम्मान, सुरक्षा, विकास में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होगी, धर्म, जाति, पंत के नाम पर किसी का शोषण नहीं होने देंगे, पीड़ित, जरूरतमंद, कमजोर, असहाय को न्याय दिलाना प्रदेश सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में है, समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक संचालित योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचाकर उसे भी विकास की मुख्यधारा से जोड़कर सम्मान के साथ जीवन-यापन करने का अधिकार केन्द्र-प्रदेश सरकार मुहैया कराने के लिए कटिबद्ध है। उन्होने कहा कि जो भी गुण्डई, दबंगई अपराध, अराजकता करेगा उसके विरूद्ध कानून अपने हिसाब से कार्य करेगा, ऐसा व्यक्ति कानून के कठघरे में खड़ा होगा, प्रदेश में कानून व्यवस्था का परिणाम है कि आज चारों ओर शांति का वातावरण दिखाई दे रहा है, अपराधी या तो प्रदेश छोड़ गये हैं या जेल में हैं, आज प्रदेश की महिलाएं, बालिकाएं अपने आपको सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख शैलेन्द्र सिंह राठौर, नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र वर्मा, ग्राम प्रधान विश्राम सिंह कश्यप, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गजेन्द्र सिंह यादव, बबलू पाण्डेय, विक्रम वर्मा, राज बहादुर, किशन शाक्य, राजीव कश्यप, रमा शंकर, पन्ना लाल वर्मा, अजय पाल सिंह चौहान सहित अन्य जन-प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह कुशवाह ने किया।



