मैनपुरी: डॉ.किरन सौजिया सी0से0एजू0 एकेडमी में आजादी के अमृत महोत्सव की श्रंखला के अन्तर्गत जनपद स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी श्री अंजनी कुमार जी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बन्धु, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी मैनपुरी विकास यादव एवं कार्यक्रम प्रभारी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी बरनाहल पवन प्रशान्त जी रहे। सबसे पहले मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों ने विद्या की देवी माँ सरस्वती को दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण कर पूजा वंदन किया तत्पश्चात् विद्यालय के चेयरमैन डाॅ0 अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को पगड़ी पहनाकर, शाॅल उढ़ाकर, बुके व प्रतीक चिन्ह देकर भव्य स्वागत किया। जिसमें मैनपुरी जिले के प्रत्येक विकास खण्डों के विद्यालयों के छात्र/छात्राओं ने प्रतिभाग किया जिसमें लोकनृत्य प्रतियोगिता कार्यक्रम, लोकगीत, विज्ञान प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता, कहानी लेखन, कविता लेखन आदि प्रतियोगितायें सम्पन्न हुईं। जिलाधिकारी ने अपने सहयोगियों के साथ पूरे कार्यक्रम का निरीक्षण किया, विभिन्न स्कूलों के विज्ञान प्रदर्शनी में आयोजित उपकरणों को भी देखा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि ‘‘युवा किसी भी समाज और देश के विकास की सबसे सशक्त शक्ति होते हैं। ऐसे कार्यक्रम न केवल प्रतिभाओं को आगे लाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, सृजनशीलता और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। मैं सभी प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएँ देता हूँ और विद्यालय प्रबंधन को ऐसे उत्कृष्ट आयोजन के लिए बधाई देता हूँ।’’
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बन्धु ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘‘ऐसी प्रतियोगिताओं से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। आज जनपद के कई स्कूल के युवा विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया है। युवा ही देश के भविष्य हैं इन्हें ऐसे कार्यक्रमों में सम्मिलित होना चाहिए।’’
विद्यालय के चेयरमैन डाॅ0 अशोक कुमार ने कहा कि ‘‘हमारे विद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन हमें मिला। हमारा उद्देश्य है कि हर विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिले। ऐसी गतिविधियाँ छात्रों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय आगे भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नए अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।’’
इस मौके पर विद्यालय के चेयरमैन डाॅ0 अशोक कुमार, वाइस प्रेसीडेन्ट डाॅ0 किरन सौजिया, विद्यालय मैनेजर विद्यांशु सौजिया, एनसीसी एएनओ प्रदीप कुमार, अध्यापक डाॅ0 नेम कुमार सहित अन्य अध्यापक/अध्यापिकाएँ मौजूद रहे।



