मैनपुरी(सुवि) जन समस्याएं सुनने के दौरान जब पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के सम्मुख ग्राम पंचायत नसीरपुर वासी के प्रधान बंटू चौहान सहित ग्राम के नि. महेश सिंह, सोनपाल, सुधीर कुमार, प्रेमपाल, प्रेमचंद, अक्षय कुमार, मुकेश सिंह आदि ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गाटा संख्या-1802 शमशान भूमि के नाम दर्ज है, जिसमें ग्राम सभा नसीरपुर के साथ जुड़े मजरे अर्जुनपुर, सुल्तानपुर आदि के लोगों के शवों का दाह संस्कार किया जाता है, अंत्येष्टि स्थल पर टिन-शैड न होने के फलस्वरुप वर्षा ऋतु में दाह संस्कार करने में असुविधा का सामना करना पड़ता है, शिकायतकर्ताओं ने उक्त गाटा संख्या में स्थापित अंत्येष्टि स्थल पर टिन-शैड डलवाने की मांग की, जिस पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को प्राथमिकता पर अपेक्षित स्वीकृति जनहित में कराये जाने हेतु पृस्ठांकित करते हुए कहा कि आमजन की सुविधा को दृष्टिगत रख विभिन्न योजनाओं में उपलब्ध धनराशि का सदुपयोग किया जाए, प्रत्येक व्यक्ति को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चकरोड की भूमि पर अनाधिकृत कब्जे की शिकायत पर राजस्व, पुलिस एवं विकास विभाग के कर्मी संयुक्त रूप से कार्यवाही करें, चकरोड की तत्काल पैमाइश कराकर पुलिस की मौजूदगी में अनाधिकृत कब्जा हटवाया जाए, पैमाइश, कब्जा हटवाने के बाद तत्काल मिट्टी का कार्य विकास विभाग के माध्यम से कराया जाए। उन्होंने कहा कि निजी, सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जों के प्रति भी राजस्व कर्मी सतर्क रहें, अवैध कब्जों से सम्बन्धित प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर यथासंभव निस्तारण कराया जाए, एक बार पैमाइश, चिन्हांकन के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर सुसंगत धाराओं में दंडात्मक कार्यवाही की जाए।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का सर्वे पोर्टल 14 अक्टूबर तक रहेगा संचालित यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सर्वे के दौरान सूची में शामिल होने शेष रहा हो तो तत्काल उनके शामिल किये जायें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति आवास योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे। उन्होने कहा कि प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर उप जिलाधिकारी के माध्यम से आख्या प्रस्तुत की जाये, आमजन की शिकायतों का समयबद्व, गुणवत्तापरक निराकरण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है, इसलिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान जन-शिकायतों का निस्तारण करें।
जन-सुनवाई के दौरान मु. डालगंज नि. जैबुन निशा ने गाटा संख्या-242 पर भू-माफियाओं द्वारा जबरन कब्जा किये जाने, नगला गहियर नि. ग्यादीन ने भूमि की पैमाइश कराये जाने, नगला कथूले नि. सावित्री देवी ने गुण्डागर्दी के बल पर फसल काटने में अवरोध उत्पन्न करने, भवानीसिंहपुर नि. विनोद कुमार ने पक्की सड़क बनवाये जाने, नगला कैथ नि. राम किशोर ने अनाधिकृत रूप से विद्युत कनेक्शन पर फर्जी बिल उपलब्ध कराये जाने की शिकायत अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, उदय चौहान, शिखर मोहन, अजय कुशवाह, राहुल राठौर, शिवम चौहान, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा के अलावा उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, ए.पी.एस. अमित गुप्ता, विद्युत विभाग से लालू जादौन, सी.डी.ओ. ऑफिस से नीरज शर्मा आदि उपस्थित रहे।
——————————————————-



