मैनपुरी(सुवि)उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम लता आनंद ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि आगरा खंड स्नातक, शिक्षक के निर्वाचन हेतु मतदेय स्थलों तथा निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का कार्य आयोग के निर्देशानुसार संपादित होना है, जिसके अंतर्गत दि. 30 सितंबर को सार्वजनिक नोटिस जारी किया जाएगा, दि. 15 अक्टूबर को समाचार पत्रों में नोटिस का प्रथम पुर्नप्रकाशन, दि. 25 अक्टूबर को समाचार पत्रों में नोटिस का द्वितीय पुर्नप्रकाशन, दि. 06 नवंबर को फार्म-18, 19 में आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि, दि. 20 नवंबर को पांडुलिपियों की तैयारी, आलेख निर्वाचन नामावलियों का मुद्रण, दि. 25 नवंबर को निर्वाचन प्रकाशन किया जाएगा, दि. 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक दावे, आपित्तयां दाखिल किये जा सकेंगे, दि. 25 दिसंबर को दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा एवं अनुपूरक सूची तैयार, मुद्रित की जाएगी, दि. 30 दिसंबर को निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन होगा। उन्होंने बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के पदाधिकारी से कहा कि उ.प्र. विधान परिषद हेतु आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र हेतु जनपद में 27 एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हेतु 09 मतदेय स्थल चिन्हित हैं। उन्होंने राजनैतिक दलों के पदाधिकारी से कहा कि सभी मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन उप जिलाधिकारियों के माध्यम से कराया जा चुका है, उप जिलाधिकारी सदर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के स्थल संख्या-169अ, 170अ के भवनों में पर्याप्त कक्ष उपलब्ध न होने के कारण उसी परिसर में स्थित प्राथमिक विद्यालय नगर क्षेत्र देवी रोड के कक्ष संख्या दो व तीन में परिवर्तित किया गया है।
ए.डी.एम. ने बताया कि सभी मतदेय स्थलों में विकास खंड, नगर पालिका, नगर पंचायत क्षेत्र के संपूर्ण वार्ड सम्मिलित किए गए हैं, प्रस्तावित मतदेय स्थलों के भवन जीर्ण-शीर्ण अवस्था में नहीं है, सभी मतदेय स्थल आयोग के मानकों के अनुरूप हैं, मतदाताओं को मतदेय केंद्र तक पहुंचने के लिए आयोग के निर्देशानुसार निश्चित दूरी 16 किलोमीटर का पालन किया गया है। उन्होंने समस्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारी से कहा कि वह चिन्हित मतदेय स्थलों का स्वयं निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देख लें साथ ही उन्होंने उप जिलाधिकारियों से कहा कि वह स्वयं चिन्हित मतदेय स्थलों का स्थलीय भ्रमण कर मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता चेक करें यदि कहीं कोई कमी हो तो उसे समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अध्यक्ष सपा आलोक शाक्य, अध्यक्ष कांग्रेस गोपाल कुलश्रेष्ठ, भाजपा से भूपेन्द्र यादव, ज्ञानेन्द्र चौहान, अनुज कुमार, सपा से राम नारायण बाथम, देवेन्द्र सिंह, सुरेश चन्द्र यादव, कांग्रेस से नवीन शर्मा, अनुपम सिंह शाक्य, बसपा से अवनीश, योगवीर सिंह, अपना दल से गौरव पाल के अलावा उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, कुरावली, घिरोर अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, प्रसून कश्यप, निर्वाचन कार्यालय से अवनीश सक्सैना, अजय अम्बेश, सुनील मिश्रा, गोपाल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।



