अनाधिकृत कब्जों के प्रकरण पर बरती जाये पूरी गंभीरता, जबरन कब्जा करने वालों के विरूद्ध की जाये दण्डात्मक कार्यवाही- जयवीर सिंह।
मैनपुरी(सुवि)फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा, पूर्ण गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें, सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे को राजस्व, पुलिस विभाग गंभीरता से ले, मौके पर जाकर तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाये, पात्रों को संचालित योजनाओं का लाभ आसानी से मिले, आमजन को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, समय से राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा में निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध हो, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में धरातल पर सुधार दिखे, बिलिंग व्यवस्था सुधारी जाये, किसी भी उपभोक्ता को विद्युत बिलिंग के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े, वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव हेतु प्रभावी कार्यवाही की जाये, नगरीय क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक साफ-सफाई के बेहतर प्रबन्ध रहें, नियमित रूप से एंटीलार्वा का छिड़काव, फॉगिंग करायी जाये, स्ट्रीट लाइट चालू दशा में रहें, जलापूर्ति की व्यवस्था सुचारू रहे।
उक्त निर्देश पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ट्रांजिस्ट हॉस्टल में जन-शिकायतें सुनने के उपरांत देते हुये कहा कि आमजन को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार कृत-संकल्पित है इसलिए किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायत का त्वरित, समयबद्ध निराकण सम्बन्धित विभाग के अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानकर करें, किसी भी स्तर पर शिकायत के निस्तारण में विलम्ब न हो यदि किसी शिकायत का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण संभव न हो तो आख्या अंकित कर प्रार्थना पत्र उपलब्ध कराया जाये, किसी भी दशा में कार्यालय में प्रार्थना पत्र अनिस्तारित न रखा जाये। उन्होने कहा कि संचालित लाभार्थीपरक, जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र को मिले, कोई पात्र योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे, पात्रों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाये। उन्होने अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारियों से कहा कि अब से अगले माह तक का समय वेक्टर जनित बीमारियों के दृष्टिगत बेहद संवेदनशील है इसलिए आपस में समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई, फॉगिंग, जल निकासी के बेहतर प्रबन्ध किये जायें, आमजन को वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव हेतु बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाये।
जन-सुनवाई के दौरान ग्राम विनायकपुर नि. रामवीर ने 99 व 100 का रकवा मौजा विनायकपुर में फीड कराये जाने, बलारपुर रामनगर नि. रामलली, मीना, दौलतराम, आशाराम, सुभाष, गीता आदि ने पूर्व प्रधान के भाई द्वारा दबंगाई के बल पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाये जाने, ग्राम पनवा जखौआ नि. कुसमा देवी ने ग्राम में बने शिव जी के मंदिर के लिए बनी सड़क पर दंबगों द्वारा मार्ग अवरूद्ध किये जाने, नगला देवी नि. रजनी रानी ने मृतक भोजराज सिंह के फर्जी दस्तावेजों के बल पर पेंशन को रोके जाने, नगला कीरत नि. निर्मला देवी प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभान्वित कराये जाने की मांग अपने शिकायत अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्र. निरीक्षक महिला थाना हेमलता सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन के अलावा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि शिखर मोहन, उदय चौहान, अमित गुप्ता, अर्जुन सिंह, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।