मैनपुरी(सुवि)यूरिया की कालाबाजारी न हो, किसानों को समय से उर्वरक मिले, किसी भी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि की वसूली न की जाए, यूरिया के साथ अन्य किसी उर्वरक को क्रय करने के लिए बाध्य न किया जाए इसके लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह प्रतिदिन सहकारी समितियों, पी.सी.एफ. गोदामों का निरीक्षण कर रहे हैं, इसी क्रम में आज उन्होंने कुरावली स्थित कृषक सेवा केन्द्र एवं करीमगंज स्थित बहुद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति का आकस्मिक निरीक्षण कर यूरिया की उपलब्धता, वितरण, स्टॉक रजिस्टर का मौके पर जायजा लेते हुये केन्द्र प्रभारियों को हिदायत दी कि कृषकों को टोकन उपलब्ध कराकर यूरिया उपलब्ध करायी जाये, बिना खतौनी के किसी भी व्यक्ति को यूरिया उपलब्ध न करायी जाये, 02-02 बैग से अधिक किसी भी दशा में उपलब्ध न कराये जायें, किसानों से आधार की प्रति प्राप्त करने के बाद ही यूरिया उपलब्ध करायी जाये, किसी भी दशा में यूरिया की कालाबाजारी न हो, सुनिश्चित किया जाये। उन्होने कृषि, सहकारी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि यूरिया वितरण पर पैनी नजर रखें, किसी भी किसान को उर्वरक प्राप्त करने में असुविधा का सामना न करना पड़े, कोई भी केन्द्र प्रभारी, फुटकर, थोक विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक की धनराशि न वसूले यदि किसी के द्वारा किसानों का शोषण किया जाये तो उनके विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम-1995 के तहत दंडात्मक कार्यवाही की जाये।
श्री सिंह ने कृषक सेवा केन्द्र कुरावली के निरीक्षण के दौरान जानकारी करने पर केन्द्र प्रभारी विश्व बंधु ने बताया कि गत दि. 21 अगस्त को 900 बैग यूरिया के उपलब्ध कराये गये थे, जिसमें से 500 बैग का वितरण दि. 21 अगस्त को एवं आज दोपहर तक 106 बैग यूरिया किसानों को निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध करायी जा चुकी है, अभी स्टॉक मंे 278 बैग यूरिया उपलब्ध है, सेवा केन्द्र पर यूरिया को लेकर कोई गतिरोध नहीं है, बहुद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति के केन्द्र प्रभारी अतुल ने बताया कि गत दिवस 800 बैग यूरिया प्राप्त हुयी थी, जिसका वितरण टोकन के माध्यम से किया जा रहा है, मौके पर उन्होने प्रवेश कुमार, अजीत पाण्डेय को 20 बैग यूरिया ले जाते पाये जाने पर केन्द्र प्रभारी से जानकारी करने पर पाया कि उक्त दोनों कृषकों ने 05 आधार कार्ड उपलब्ध कराये गये थे, इनके पास कृषि भूमि का क्षेत्रफल अधिक है, जिस पर उन्होने केन्द्र प्रभारी को आदेशित करते हुये कहा कि एक व्यक्ति को एक आधार कार्ड पर 02 बैग यूरिया ही उपलब्ध करायें, वितरण में किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी, कोताही न बरती जाये, स्टॉक रजिस्टर अद्यावधिक रखा जाये। इस दौरान उप जिलाधिकारी कुरावली नीरज द्विवेदी, अनिल सक्सैना, अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे।



