दूध दुहने के बाद गौवंश को निराश्रित छोड़ने वाले पशु पालकों से अर्थदंड वसूला जाये, निजी फसलों को क्षति पहुंचाने की दशा में भी क्षतिपूर्ति की वसूली की जाये- जिलाधिकारी।
मैनपुरी(सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिला स्तरीय गौ-संरक्षण समिति की बैठक में सख्त लहजे में कहा कि गाय का दूध दुहने के बाद गाय, गौ-वत्स को आवारा छोड़ने वाले गोपालकांे का लेखपाल, चौकीदार, ग्राम पंचायत सचिव, सफाई कर्मी, अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारियों से चिन्हांकन करने हेतु उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी ड्यूटी लगाएं, ऐसे गोपालकों को चिन्हित कर नगर निकाय, जिला पंचायत अधिनियम की सुसंगत धाराओं में नोटिस जारी किया जाए, दूसरी बार गौवंश सड़क पर मिले तो उनके स्वामियों पर अर्थदंड रोपित किया जाए और उसकी वसूली की जाए, निजी फसलों को नुकसान पहुंचाने की दशा में संबंधित पशुपालक से क्षतिपूर्ति की वसूली की जाए, 31 मार्च के बाद कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर दिखाई न दे यदि ग्रामीण क्षेत्र में निराश्रित गोवंश सड़कों पर मिले तो संबंधित खंड विकास अधिकारी जिम्मेदार होंगे, शहरी क्षेत्र में गौवंश सड़कों पर पाए गए तो संबंधित अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही होगी।
श्री सिंह ने कहा कि खंड स्तरीय, तहसील स्तरीय गौ संचालन समितियां सक्रिय रहें, संचालित सभी गौशालाओं में गोवंश अभिलेख पंजिका मे संरक्षित पशुओं का डाटा तैयार किया जाए, दैनिक पंजिका में अन्य विवरण अंकित किए जाएं, प्रत्येक गौशाला में संरक्षित पशुओं के लिए भरपूर मात्रा में भूसा-चारा उपलब्ध रहे, सभी गौशालाओं में हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, संरक्षित पशुओं की उचित देखभाल हो, पशु चिकित्साधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की संचालित गौशालाओं का निरीक्षण कर संरक्षित पशुओं की देखभाल करें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी गौशाला संचालन हेतु निर्धारित दायित्वों का संतोषजनक निर्वहन करें, उप जिलाधिकारी साप्ताहिक रूप से अपने-अपने क्षेत्र की संचालित गौशालाओं की संचालन समिति के कार्यों की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के संचालन, पशुओं की देखभाल हेतु जन सहयोग लिया जाए, समाजसेवियों, उद्यमियों को गौशालाओं में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जाए, गौशालाओं में कार्य कर रहे केयर टेकर, अन्य कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान समय से किया जाये, सभी संचालित गौशालाओं में पानी की व्यवस्था रहे।
बैठक में अध्यक्ष नगर पालिका मनोरमा देवी, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन. मौर्य, समस्त खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आदि उपस्थित रहे।

2 COMMENTS

  1. This is very great news. All reporters are working hard . God bless them and you. You may reach on top in media sight.

Comments are closed.