हर घर तिरंगा’ अभियान फेज 1 के तहत कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की संयुक्त इकाई द्वारा तिरंगा राखी निर्माण तथा तिरंगे धागे से विभिन्न वस्तुओं के निर्माण की कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा रक्षा बंधन के पावन अवसर को समर्पित रही। कार्यशाला का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. शेफाली यादव जी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “राखी केवल रक्षा सूत्र नहीं, प्रेम, समर्पण और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है। जब इसे तिरंगे के रंगों में रंगा जाएगा तो इसमें राष्ट्रप्रेम की अभिव्यक्ति भी समाहित होगी।” NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनामिका सिंह तथा जया सिंह ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना भी है। इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्राओं को राष्ट्र से भावनात्मक रूप से जोड़ती हैं। गृहविज्ञान संकाय की प्राध्यापिका डॉ. शिवानी जैन ने छात्राओं को तिरंगा थीम में विविध प्रकार से सुंदर राखियां बनाने की विधि का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। तथा क्रोशिए एवं तिरंगे धागे से विभिन्न आभूषण जैसे हेड बैंड, इयररिंग, ब्रेसलेट इत्यादि बनाकर इस सृजनात्मक कार्य को बेहतरीन ढंग से अग्रसारित करने की प्रेरणा दी। तत्पश्चात कार्यशाला में छात्राओं ने स्वयं अपने हाथों से तिरंगा राखियाँ बनाईं। सभी राखियाँ पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से तैयार की गईं, जिनमें कपड़ा, कागज, रंगीन धागे और तिरंगे के प्रतीकात्मक रंगों का संयोजन प्रमुख रहा। सभी छात्राओं ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम में श्री राजेश सेन, डॉ. विभा जैन, सहायक प्राध्यापिका विनीता अवस्थी, डॉ. प्रियंका सोनकर के साथ -साथ अन्य शिक्षक – शिक्षिकाएं तथा समस्त छात्राएं मौजूद रहीं।