मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ट्रांजिस्ट हॉस्टल में जन-शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि किसी भी फरियादी को समस्या अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा, पूर्ण गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे को राजस्व, पुलिस विभाग गंभीरता से ले, मौके पर जाकर तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जायें। उन्होने कहा कि आमजन को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार कृत-संकल्पित है, पात्रों को संचालित योजनाओं का लाभ आसानी से मिले, आमजन को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, समय से राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा में निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध हो, इसके लिए प्रदेश सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं, विभिन्न योजनाआंे का लाभ पाने से वंचित पात्रों को जीरो पावर्टी में चिन्हित कर प्राथमिकता पर संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
जन-सुनवाई के दौरान जब पर्यटन मंत्री के सम्मुख ग्राम पंचायत पंरौख नि. संजीवनी, सीमा ने अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से राशन कार्ड बनवाने की मांग की तो उन्होने जिला पूर्ति अधिकारी को पृष्ठाकिंत करते हुये कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को अन्त्योदय, पात्र गृहस्थ राशन कार्ड से लाभान्वित कराया जाये, प्राथमिकता पर राशन कार्ड बनवाकर पात्रों को प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना में लाभान्वित कराया जाये, कोटेदारों के माध्यम से राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा में समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाये, घटतौली, खाद्यान्न उपलब्ध न कराने की शिकायतों पर प्राथमिकता पर प्रभावी कार्यवाही की जाये। उन्होने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आदेशित करते हुये कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित करें, शट-डाउन के नाम पर विद्युत की कटौती न की जाये, उपभोक्ताओं को गलत विद्युत बिल, ट्रिपिंग की समस्या से निजात दिलायी जाये।
ग्राम गंभीरा नि. कमलेश वाथम ने बैनामें में लिखित रास्ते को अनाधिकृत रूप से कब्जा कर नींव भरकर रास्ता बंद किये जाने, नगला बदें नि. राम भरोसे लाल ने ग्राम समाज की सरकारी नाली का पानी विपक्षियों द्वारा रोके जाने, ग्राम बनकिया नि. खुशीराम ने वर्ष 1976 के पट्टे पर कब्जा दिलाने व विपक्षियों द्वारा मेड तोड़ने के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कराये जाने, ग्राम फाजिलपुर नि. रामू ने भूमि की पैमाइश कराये जाने, ग्राम छतारी नि. राधा मोहन ने विपक्षियों द्वारा गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दिये जाने, ग्राम हकीमपुर नि. अरविन्द सिंह ने पुस्तैनी भूमि गाटा संख्या-186 पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम विनायकपुर नि. राम मोहन, अवधराज सिंह, रवीन्द्र पाल सिंह आदि ने रोस्टर के अनुसार विद्युत की आपूर्ति न होने के कारण फसलों की बुवाई प्रभावित होने, ग्राम बिछिया विक्रमपुर नि. कमलेश ने खेत की मेड़ तोड़ कर किये गये कब्जे को हटवाये जाने की शिकायत अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त भदौरिया, उदय चौहान के अलावा उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, विद्युत विभाग से लालू जादौन, अर्जुन सिंह, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।



