मैनपुरी(सुवि)जन-सुनवाई के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के सम्मुख जब ग्राम बरहट रकरी नि. सीमा, अखलेश कुमार, मानिकपुर नि. रेखा, विक्रमपुर नि. दीपेंद्र कुमार ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गत दिवस हुई तेज बारिश में उनके कच्चे मकान की छत, दीवारंे गिर गई है, जिस कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी भोगांव से कहा कि आज ही मौके पर राजस्व की टीम भेजकर सर्वे कराना सुनिश्चित करें, दैवीय आपदा से पीड़ित लोगों को प्राथमिकता पर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर विलंब न हो। उन्होंने कहा कि गरीब, असहाय व्यक्तियों की तत्काल मदद की जाए, कोई भी पात्र व्यक्ति योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनान्तर्गत निर्मित आवासों के आवंटन की पात्रता का सत्यापन कराया जाए, ऐसे अवंटी जिनके द्वारा आवंटित आवासों को किराए पर उठाया गया है, को अपात्रता की सूची में डाल आवंटन निरस्त किए जाएं साथ ही आवंटन समिति गठित कर सत्यापन के उपरांत पात्रों को आवास आवंटित किए जाएं ताकि पात्र व्यक्ति भी सम्मान के साथ अपना जीवन-यापन कर सके।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि चकरोड की पैमाइश के उपरांत मनरेगा से मिट्टी का कार्य कराया जाए, किसी भी सार्वजनिक मार्ग पर अनधिकृत कब्जा न रहे, अवैध अतिक्रमण के कारण किसी भी व्यक्ति को आवागमन में असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पक्की पैमाइश, मेढ़बंदी के उपरांत दबंगों द्वारा पुनः कब्जा करने की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं, पक्की पैमाइश, मेढ़बंदी के उपरांत यदि किसी के द्वारा कब्जा किया जाए तो उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराकर दंडात्मक कार्यवाही की जाए, किसी गरीब, कमजोर वर्ग के व्यक्ति की भूमि पर कहीं अनाधिकृत कब्जा न रहे, पात्र व्यक्ति अपनी भूमि पर काबिज रहे, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा के मौसम में जल-भराव की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, खंड विकास अधिकारी सुनिश्चित करें कि कहीं भी जल-भराव की समस्या न रहे, जल निकासी के बेहतर प्रबंध किए जाएं, नाले, नाली की भूमि का चिन्हांकन कर उन्हें संरक्षित किया जाए, कहीं भी नालों पर अवैध अतिक्रमण न रहे, नाले, नालियों पर अवैध अतिक्रमण के कारण जल-भराव की समस्या की स्थिति उत्पन्न न हो।
जन-सुनवाई के दौरान ग्राम नेकपुर नि. सावित्री देवी, ग्राम लोधीपुर नि. बबली देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाये जाने, ग्राम लौंगपुर नि. राजेन्द्र सिंह ने भूमि को संक्रमणीय कराये जाने, कृष्णा कुंज कॉलौनी घिरोर नि. स्नेहा ने निजी मकान के लिए 01 किलो वॉट का विद्युत कनेक्शन स्वीकृत कराये जाने, ग्राम टिकरई नि. धर्मवीर सिंह ने वाद विचाराधीन होने के पश्चात भी लेखपाल द्वारा फर्जी दखलनामा, अनाधिकृत कब्जा दिये जाने, ज्योती झिंगरपुर नि. अवधेश राजपूत ने सरकारी नलकूप लगवाये जाने, नगला हरीराम नि. शैलेश कुमार ने बैनामाशुदा भूमि पर दबंगों द्वारा फर्जी बैनामा कर जबरिया कब्जा करने, नगला गुरूबक्स नि. श्याम सुन्दर ने विद्युत बिल में सुधार कराये जाने, ग्राम पर्वतपुर नि. इन्दर सिंह ने आबादी गाटा संख्या 112 की भूमि एवं सार्वजनिक कुंआ, मंदिर पर किये गये अवैध कब्जे को कब्जा मुक्त कराये जाने की मांग अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवदत्त भदौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, उदय चौहान, अर्जुन चौहान के अलावा उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन, पंचायती राज विभाग से नीरज शर्मा, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।



