पुनीत कार्य में जन-प्रतिनिधियों, एन.जी.ओ. की सहभागिता कराई जाए सुनिश्चित, आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सभी करें पौधारोपण- नोडल अधिकारी।
मैनपुरी(सुवि)आयुक्त आगरा मंडल आगरा, वृक्षारोपण हेतु शासन स्तर से नामित नोडल अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में वृक्षारोपण महाभियान-2025 की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून से लेकर आज तक जनपद में वृक्षारोपण महाभियान के अन्तर्गत जिलाधिकारी के नेतृत्व में काफी बेहतर कार्य हुये हैं, वन विभाग के साथ अन्य सम्बन्धित अधिकारी प्रशंसा के पात्र हैं। उन्होने बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत अपने-अपने विभाग के पौधारोपण लक्ष्य की पूर्ति के साथ ही रोपित पौधों की जीवितता पर विशेष ध्यान दें, जिन साइटों पर पौधारोपण किया जाए वहां किसी न किसी कर्मचारी की लिखित में ड्यूटी लगाकर उसे रोपित पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी जाए, रोपित पौधों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि रोपित पौधा वृक्ष के रूप में विकसित होकर पर्यावरण के साथ-साथ आमजन को लाभ प्रदान कर सके। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण को रोकने की दिशा में कार्य करने की है, विकसित देशों ने प्रदूषण रोकने में सफलता हासिल की है, वहां का ए.क्यू.आई. 50 से भी कम रहता है लेकिन हमारे देश के अधिकांश शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब है, हम सबको इस ओर देना होगा और अधिक से अधिक पौधे रोपित कर उन्हें विकसित करने में अपना योगदान देना होगा।
मंडलायुक्त ने कहा कि आजादी के समय वर्ष 1947 में लगभग 90 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करते थे लेकिन आज देश में तेजी से विकास हुआ है, आज देश में मात्र 15 प्रतिशत से कम लोग गरीबी रेखा से नीचे है, आजादी के बाद देश में तमाम महामारियां फैली लेकिन आज हमने चिकित्सा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं, कोरोना खंडकाल में चिकित्सा के क्षेत्र में भारत ने विश्व में अपनी पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महाभियान के दौरान प्रत्येक कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए, ग्राम प्रधानों की उपस्थिति में गांव-गांव वृक्षारोपण कराया जाए, जिन व्यक्तियों द्वारा पौधे रोपित किए जाएं, उन्हें उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी दी जाए। उन्होने कहा कि आज हमें सबसे अधिक ध्यान धरा को हरा-भरा करने पर देना होगा, घटते वन क्षेत्र के कारण प्राकृतिक असंतुलन तेजी से बढ़ा है, वृक्षों की घटती संख्या के कारण भूगर्भ जल स्तर में भी कमी आयी है, हमें इन दुष्परिणामों को ध्यान में रख पौधे रोपित करने होंगे। उन्होने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता से बेहतर धरा पर कुछ नहीं, नेचर से जुड़कर मानसिक, शारीरिक लाभ मिलता है।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने अब तक की गयी तैयारियों की जानकारी मंडलायुक्त, नोडल अधिकारी को देते हुये बताया कि जनपद हेतु आवंटित लक्ष्य 37 लाख 84 हजार 700 की पूर्ति हेतु जनपद की 24 पौधशालाओं में 54 लाख 65 हजार पौधे विकसित किये गये हैं, जहां से आवंटित लक्ष्य के अनुसार संबंधित विभागों द्वारा पौधों का उठान कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण महा भियान-2025 को सफल बनाने, निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हेतु जनपद को 06 जोन, 09 सेक्टर में विभाजित किया गया है, प्रत्येक जोन में उप जिलाधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट एवं प्रत्येक सेक्टर में 01-01 वरिष्ठ अधिकारी को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात कर कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपादित कराकर सफल बनाए जाने हेतु निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि वृक्षा-रोपण अभियान के दौरान ग्राम विकास विभाग द्वारा सर्वाधिक 14 लाख 02 हजार, वन विभाग द्वारा 10 लाख 10 हजार 300, कृषि विभाग द्वारा 04 लाख 47 हजार 200, पर्यावरण विभाग द्वारा 01 लाख 86 हजार, उद्यान विभाग द्वारा 01 लाख 74 हजार, पंचायती राज विभाग द्वारा 01 लाख 52 हजार 600, राजस्व विभाग द्वारा 01 लाख 18 हजार एवं नगर विकास द्वारा 36 हजार पौधे रोपित किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, अभियान के दौरान युवा वन, बाल वन, अटल वन, एकता वन, शौर्य वन, त्रिवेणी वन, ग्राम वन, खाद्य वन, ऑक्सी वन विकसित किये जायेंगे।
बैठक के उपरांत मंडलायुक्त ने प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी कार्यालय में वृक्षारोपण महाभियान हेतु स्थापित कंट्रोल रूम एवं पौधशाला का स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी से कहा कि प्रत्येक घंटे वृक्षारोपण की प्रगति की सूचना समय से अपलोड की जाए, वृक्षारोपण के बाद जियो टेगिंग का कार्य प्राथमिकता पर कराया जाए। उन्होंने विकास खंड सदर के ग्राम औडेन्य पड़रिया में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा विकसित स्थल पर पीपल का पौधा रोपित करते हुए कहा कि पीपल का वृक्ष हर समय मानव को जीवन-दायिनी ऑक्सीजन उपलब्ध कराने का कार्य करता है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने पीपल, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद ने बरगद का पौधा रोपित किया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिला अधिकारी श्यामलता आनन्द, वन संरक्षक आगरा मंडल अनिल कुमार पटेल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी संजय कुमार मल्ल, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, घिरोर, किशनी, अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, अंजली सिंह, प्रसून कश्यप, गोपाल शर्मा, डिप्टी कलेक्टर नीरज कुमार द्विवेदी, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पांडेय, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द्र, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, उप प्रभागीय वनाधिकारी वंदना सिंह, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राजीव दीक्षित सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



