मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला सलाहकार समिति की बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान एक्सिस बैंक के सहायक प्रबंधक को योजना के यू.आर.एल. की जानकारी न होने पर उनके विरुद्ध एक्सिस बैंक के उच्चाधिकारियों को लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजनाओं में लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्यवाही हेतु पत्र लिखे जाने के निर्देश दिये। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार निर्देशों के बाद भी कुछ बैंकर्स द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में प्रेषित पत्रावलियों पर ऋण वितरण में लापरवाही बरती जा रही है, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में वार्षिक लक्ष्य 1700 के सापेक्ष विभिन्न बैंकों में 1150 पत्रावलियां प्रेषित की गईं, जिसके सापेक्ष विभिन्न बैंकर्स द्वारा 298 पत्रावलियांे को स्वीकृत कर मात्र 224 पर ऋण वितरण किया गया है जबकि बैंकर्स द्वारा 535 पत्रावलियां निरस्त की गई है, अभी विभिन्न बैंकों में 578 पत्रावलियां स्वीकृत हेतु अवशेष है, इसी प्रकार मुख्यमंत्री युवा स्वःरोजगार योजना में 135 लक्ष्य के सापेक्ष 87 पत्रावलियां प्रेषित की गई, जिसके सापेक्ष विभिन्न बैंकर्स द्वारा 30 पत्रावलियांे को स्वीकृत कर मात्र 19 पर ऋण वितरण किया गया है, जबकि बैंकर्स द्वारा 51 पत्रावलियां निरस्त की गई।
श्री सिंह ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विशेष तौर पर आई.सी.आई.सी.आई., एच.डी.एफ.सी., एक्सिस बैंक द्वारा ऋण वितरण में घोर लापरवाही बरती जा रही है, एच.डी.एफ.सी. बैंक की 08 शाखाओं में मात्र 01 पत्रावली पर ही ऋण वितरण किया गया है जबकि आई.सी.आई.सी.आई., एक्सिस बैंक द्वारा एक भी पत्रावली पर ऋण वितरण नहीं किया गया है। उन्होंने एच.डी.एफ.सी. बैंक के प्रबंधक को निर्देशित करते हुए कहा कि अगले सप्ताह तक प्रत्येक ब्रांच से कम से कम 05-05 पत्रावलियां स्वीकृत कराकर ऋण वितरण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि जिन बैंकर्स द्वारा विभिन्न योजनाओं में प्रेषित पत्रावलियों को अकारण निरस्त किया है उनके विरुद्ध भी दंडात्मक कार्यवाही की जाए। उन्होंने बैंकर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने लक्ष्यों की पूर्ति करें, प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में प्राथमिकता पर ऋण उपलब्ध करायें, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत भेजी गई पत्रावलियों पर सी.सी.एल. का लाभ मिले ताकि समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत, स्वावलंबी बन सकें, बैंकर्स जनहित में कार्य करें, शासन की जन-कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं में प्राथमिकता पर ऋण उपलब्ध कराएं, ऋण-वितरण में बैंकर्स विलंब न करें, स्वीकृत पत्रावलियों पर तत्काल ऋण उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा करने पर पाया कि व्यवसायिक बैंक द्वारा नवीनीकरण लक्ष्य 70725 के सापेक्ष 37877, नये के.सी.सी. के लक्ष्य 30687 केे सापेक्ष 33637 एवं सहकारी बैंक द्वारा नवीनीकरण लक्ष्य 4109 के सापेक्ष 8556, नये के.सी.सी. के लक्ष्य 3086 केे सापेक्ष 1655 किसान क्रेडिट कार्ड बनाये गये हैं। उन्होने कृषि ऋण, एम.एस.एम.ई., अन्य प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों, एक जनपद-एक उत्पाद, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री जनधन योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना आदि की बिन्दुवार, गहन समीक्षा की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, आर.बी.आई. से श्रवण कुमार राम, नवार्ड से नितेश यादव, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला अग्रणी प्रबंधक रामचंद्र साहा ने किया।



