मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट यू.जी.-2025 को शान्ति पूर्वक सम्पन्न कराने हेतु तैनात स्टैटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापकों की बैठक में कहा कि दि. 04 मई को आयोजित होने वाली परीक्षा को बिना किसी विघ्न के शांतिपूर्ण माहौल मेें सम्पन्न करायें, प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों को मूल-भूत सुविधाएं मुहैया हों, केन्द्र व्यवस्थापक स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा अवधि में निरंतर क्रियाशील रहकर हर गतिविधि पर नजर रखें, मुख्य द्वार पर गेट पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी करायी जाये, तलाशी के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो, किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र के भीतर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कैल्कुलेटर, मोबाइल, डिजिटल घड़ी ले जाने की इजाजत नहीं है, परीक्षा के दिन परीक्षा केन्द्रों के आस-पास की फोटोस्टेट, साइबर कैफे की दुकानें बंद रहेंगी, परीक्षा केन्द्रों के आस-पास 200 मीटर की परिधि में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा, उक्त परिधि में भीड़ एकत्र नहीं होगी। उन्होने कहा कि परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 03 सेक्टर मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। उन्होने अभ्यर्थियों से कहा कि परीक्षार्थियों का प्रवेश 11 बजे से प्रारंभ होगा, मुख्य द्वार पर सघन चेकिंग के उपरांत बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज होगी, 01.30 बजे परीक्षा केन्द्र का गेट एन.टी.ए. के निर्देशानुसार बंद करा दिया जायेगा, इसके उपरांत किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी। उन्होने केन्द्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों से कहा कि परीक्षा की महत्वता को दृष्टिगत रख बेहद संवेदनशील रहें, एन.टी.ए. के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराते हुये नीट परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने में अपनी भूमिका निभाएं।
श्री सिंह ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात अधिकारियों से कहा कि परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व यानि 03 मई को अपने आवंटित परीक्षा केन्द्रों पर एन.टी.ए. के निर्देशानुसार परीक्षा से सम्बन्धित समस्त तैयारियां पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक रोडबेज परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक आने जाने हेतु सार्वजनिक वाहनों की उपलब्धता समय से कराना सुनिश्चित करायें। उन्होने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका, नगर पंचायत भोगांव को निर्देशित करते हुये कहा कि परीक्षा केन्द्रों के बाहर समुचित सफाई व्यवस्था तथा शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हेतु पानी के टेंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करायें, अधीक्षण अभियंता विद्युत परीक्षा अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होने पुलिस उपाधीक्षक यातायात से कहा कि परीक्षार्थियांे के आगमन, परीक्षा समाप्ति पर उनके प्रस्थान के दृष्टिगत ट्रैफिक, सार्वजनिक परिवहन ठहराव एवं अन्य सुसंगत व्यवस्थाआंे के सम्बन्ध में आवश्यक समन्वय कर कार्यवाही करें।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए 01 सब इंस्पेक्टर, 02 आरक्षी, 02 महिला आरक्षी तैनात रहेंगे, सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ सेक्टर पुलिस अधिकारी के रूप में क्षेत्राधिकारियों को लगाया गया है, इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड, मुख्य चौराहों पर भी पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहेगा, क्षेत्राधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र में सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ निरतंर भ्रमणशील रहकर नजर रखेंगे। उन्होने केन्द्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात अधिकारियों से कहा कि आप सब काफी अनुभवी हैं इससे पूर्व भी कई प्रतियोगी परीक्षाएं अपने कुशल नेतृत्व देकर सम्पन्न करायी हैं, नीट परीक्षा को भी सकुशल सम्पन्न कराने में अपना योगदान दें, परीक्षा से जुड़ा कोई भी अधिकारी, कर्मचारी एसा कोई कृत्य न करे जिससे किसी को संदेह पैदा हो।
अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र ने बताया कि जनपद के 10 परीक्षा केन्द्रों पर दि. 04 मई को अपरान्ह 02 बजे से 05 बजे तक नीट-2025 सम्पन्न होगी, जिसमें कुल 2910 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। उन्होने बताया कि नेशनल डिग्री कॉलेज भोगांव, कुं. आर.सी कन्या इंटर कॉलेज में 384-384, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज मंे 360-360, जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 264-264, श्री गंगा सहाय कन्या इंटर कॉलेज मंे 252 एवं डा. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय में 114 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे, प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर वीडियोग्राफर के माध्यम से प्रत्येक परीक्षार्थी के रोल नम्बर, चेहरे की वीडियोग्राफी एन.टी.ए. के निर्देशानुसार करायी जायेगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, घिरोर, अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, प्रसून कश्यप, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन असांरी, जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रंजना शुक्ला, जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीओम बाजपेयी, जिला सेवायोजन अधिकारी विकास मिश्रा, प्रधानाचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय राजेश कुमार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रघुराज पाल सिंह, सुदिति ग्लोबल के प्रबन्ध निदेशक डा. राम मोहन के अलावा केन्द्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।



