सार्वजनिक भूमि पर न रहे अनाधिकृत कब्जा, एक बार कब्जा हटवाने के बाद पुनः कब्जा करने वालों के विरुद्ध की जाए कठोरतम कार्यवाही-अंजनी कुमार।
मैनपुरी(सुवि) जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जब से जनपद में कार्यभार ग्रहण किया है तब से वह निरंतर जन-शिकायतों के त्वरित, प्रभावी निस्तारण के लिए प्रयासरत् है, वह विशेष रूप से सार्वजनिक भूमि यथा चकरोड, तालाब, विद्यालय, मरघट, खेल का मैदान, खाद के गड्ढे हेतु आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जों को लेकर काफी संवेदनशील है, वह निरंतर सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही कर रहे हैं, कई शिकायतों पर स्वयं मौके पर पहुंच अपने सामने ही भूमि से अवैध अतिक्रमण हटवाकर संरक्षित कराया साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे को लेकर बेहद सतर्क रहें, किसी भी दशा में कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर कोई अनाधिकृत व्यक्ति काबिज न रहे, राजस्व कर्मी अपने-अपने क्षेत्र में सुनिश्चित करें कि कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा न रहे यदि कहीं भी सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जा हो तो उसे तत्काल हटवाना सुनिश्चित करें यदि पूर्व में किसी क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि से अनधिकृत कब्जे हटाए गए हों और किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया गया हो तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर सुसंगत धाराओं में प्राथमिक की दर्ज कराई जाए।
श्री सिंह ने आज आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर ग्राम पंचायत कीरतपुर नि. कौशलेंद्र सिंह द्वारा गांव के गाटा संख्या- 520, 547, 552 जो की खाद के गड्ढे एवं 548 खेल के मैदान हेतु खतौनी में दर्ज है, उक्त गाटा संख्याओं पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण करने की शिकायत पर मौके पर जाकर अपनी मौजूदगी में तार फेंसिंग कर अस्थायी रूप से किये गये अवैध कब्जे को तत्काल प्रभाव से हटवाकर स्थायी अतिक्रमण के सम्बन्ध में उ.प्र. राजस्व संहिता की धारा-67 के तहत प्रभावी कार्यवाही हेतु मौके पर उपस्थित तहसीलदार को निर्देशित किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, तहसीलदार विशाल सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल के अलावा अनिल सक्सैना, अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे।



