मैनपुरी(सुवि)सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील कुरावली से अनुपस्थित जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता नलकूप, परियोजना अधिकारी डूडा, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी का आज का वेतन रोकते हुये जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सम्बन्धित अधिकारी सम्पूर्ण समाधान दिवस में निर्धारित समय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें, बिना पूर्व अनुमति के यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित पाया गया तो सम्बन्धित के विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही होगी। उन्होने कहा कि अधिकारी जन शिकायतों के निस्तारण के प्रति सजग रहें, शिकायतों के निदान में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाये, किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण किया जाये, ताकि आमजन का विश्वास सम्पूर्ण समाधान, थाना समाधान दिवस पर बना रहे। उन्होने कहा कि भूमि सम्बन्धी विवादों में त्वरित गति से कार्यवाही की जाये, भूमि विवाद यथा संभव मौके पर जाकर निबटाएं जाऐं, किसी भी क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे न रहे, जबरन अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही हो, एक बार सीमांकन, पैमाइश के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाये तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर उसके विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराकर वैद्यानिक कार्यवाही की जाये।
श्री सिंह ने कहा कि जनता-दर्शन, सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस पर अधिकांश शिकायतें अनाधिकृत कब्जों की प्राप्त हो रही हैं, राजस्व, पुलिस विभाग की संयुक्त टीम अनाधिकृत कब्जों के प्रकरण में मौके पर जाकर प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होने कहा कि अभिलेखों में नाम, पते दुरूस्तीकरण की भी शिकायतें निरतंर मिल रही है, नाम, पते की प्रविष्टि करते समय विशेष सतर्कता बरती जाये, नाम संशोधन, दुरूस्तीकरण के जो भी शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये हैं, शिकायतकर्ता से साक्ष्य प्राप्त कर प्राथमिकता पर नाम दुरूस्त कराये जायें ताकि फरियादी को असुविधा का सामना न करना पड़े।
आज जन-सुनवाई के दौरान कुरावली क्षेत्र के 24 शिकायतकर्ताओं ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किये, जिसमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निदान कर फरियादियों को राहत प्रदान की, ग्राम सोनई नि. प्रमोद कुमार ने दबंगई के बल पर सरकारी नलकूप की नाली से पानी रोकने, न. हिम्मत नि. ओमचन्द्र ने गाटा सं. 669 का प्रवेन्द्र, सुखेन्द्र द्वारा आशा देवी के फर्जी आधार से बैनामा कराये जाने, कुंवरपुर नि. प्रेमचन्द्र ने धारा-24 के वाद के अनुसार मुढ्डी व कब्जा, दखल दिलाये जाने, ग्राम फतेहजंगपुर नि. महेन्द्र पाल ने पट्टाशुदा भूमि पर विपक्षियों द्वारा अवरोध उत्पन्न करने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की।
जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने आपरेशन जागृति 4.0 कार्यक्रम के अन्तर्गत लल्लू सिंह इण्टर कालेज कुरावली में छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि मिशन शक्ति के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान पर बल दिया गया है, महिलाओं, बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य के लिये तमाम योजनायें संचालित हैं, प्रत्येक थाने में महिला हैल्पडैस्क की स्थापना की गयी है और उस पर महिला कर्मियों की ही तैनाती की गयी है ताकि पीडित महिला अपनी बात कहने में संकोच न करे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी कुरावली नितिन कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येन्द्र कुमार, अनिल कुमार सक्सेना सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



