मैनपुरी(सुवि) पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य विकस अधिकारी नेहा बंधु ने नव-चयनित 173 में से 20 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किये, शेष को भी आज ही नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराये गये। विधायक भोगांव ने नियुक्ति पत्र वितरण के उपरांत कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा गर्भवती महिलाओं से लेकर 06 वर्ष तक के बच्चों की देख-रेख के साथ उन्हें प्रारम्भिक शिक्षा प्रदान करने की जिम्मेदारी है, जिसका निर्वहन जनपद में पूर्व से तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं द्वारा किया जा रहा है, नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सेवा में आने से उक्त कार्यक्रमों को गति मिलेगी। उन्होने उपस्थित नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से कहा कि जमीनी स्तर पर गर्भवती, धात्री एवं छोटे बच्चों हेतु अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढंग से करें, अपने-अपने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के साथ सैम-मैम बच्चों की बेहतर देखभाल करें ताकि कुपोषण से ग्रसित बच्चे सेहतमंद हों, जब देश की युवा पीड़ी सेहतमंद होगी तो मा. प्रधानमंत्री जी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने में अपना बेहतर योगदान दे सकेंगी।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आज एक नया दायित्व सौंपा गया है, जिससे वह अपने ग्राम में आने वाली गर्भवती, धात्री एवं 0 से 06 वर्ष के बच्चों में कुपोषण संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु सक्रिय भूमिका निभाएंगी, ग्राम स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, ए.एन.एम. की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, इनकेे माध्यम से ही सरकार की संचालित योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित किया जा रहा हैै। उन्होंने नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की बेहतर देखभाल के साथ क्षेत्र के बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की संचालित योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में पूरी ईमानदारी से कार्य करें, गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित रूप से स्वास्थ्य का चेकअप कराने, ऑयरन टेबलेट, भरपूर पोषक आहार खाने, उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव कराने के लिए प्रेरित करें ताकि पैदा होने वाला बच्चा सेहतमंद रहे।

मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का दायित्व केंद्र पर पंजीकृत समस्त लाभार्थियों को स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग की योजनाओं से लाभान्वित कराना, सैम-मैम बच्चों की बेहतर देखभाल कर कुपोषण को दूर करने हेतु अपना भरसक प्रयास करना है, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को यशोदा मैया के समान माना गया है, आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले दूसरे बच्चों को अपने बच्चों के समान प्यार देती हैं साथ ही केन्द्र-प्रदेश सरकार की संचालित योजनाओं का लाभ प्रदान करने में अपनी भूमिका का निर्वहन करती हैं।

विधायक भोगांव, जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी ने नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री शिखा, ज्योति, पिंकी, पूजा, सुमन, रूबी, मोहिनी, कंचन, कुसुमलता, प्रतीक्षा, पिंकी, प्रीति, संगीता, रोशनी, सुनीता, अंजली, अर्चना, चांदनी, दीपमाला, पूनम आदि को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, ब्लॉक प्रमुख किशनी प्रतिनिधि विशाल बाल्मिकी के अलावा पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, जिला कार्यक्रम अधिकारी हरिओम बाजपेयी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा ने किया।