पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारियों की कार्यशाली से आमजन करें राहत महसूस, शिकायतों का प्राथमिकता पर किया जाए निस्तारण-जयवीर सिंह।

मैनपुरी(सुवि) पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ट्रांजिट हॉस्टल में शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जिन पात्र व्यक्तियों के गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं, उन्हें इम्पैनल्ड चिकित्सालयों में निःशुल्क बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं, किसी भी गोल्डन कार्ड धारक को स्वास्थ्य सेवाएं पाने में किसी भी स्तर पर असुविधा का सामना न करना पड़े, जो इम्पैनल्ड चिकित्सालय गोल्डन कार्ड धारकों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में लापरवाही बरते उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने असंतोष करते हुए कहा कि चकमार्गों पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतें लगातार मिल रही है, चकमार्गों पर अवैध कब्जों के कारण आवागमन बाधित होता है, चकरोड की पैमाइश के उपरांत पुनः कब्जा करने की शिकायतें भी मिल रही है, यह स्थिति गंभीर है। उन्होंने कहा कि जहां भी सार्वजनिक भूमि, चकमार्गों पर अनाधिकृत कब्जे है, उन्हें तत्काल हटवाया जाए, पैमाइश के उपरांत चकरोड पर मिट्टी का कार्य कराया जाए यदि किसी के द्वारा पैमाइश के उपरांत पुनः कब्जा किया जाए तो उसके विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाए।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि असंक्रमणीय भूमि को संक्रमणीय करने में किसी भी स्तर पर विलम्ब न हो, अविवादित फौती प्राथमिकता पर दर्ज की जायें, भूमि पर अनाधिकृत कब्जों के प्रति राजस्व, पुलिस अधिकारी संवेदनशील रहकर कार्य करें, किसी भी दबंग द्वारा किसी कमजोर व्यक्ति की भूमि पर जबरन कब्जा न किया जाये। उन्होने कहा कि संचालित जन कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रयेत्क पात्र व्यक्ति को मिले, पात्रों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जायें।

आज जन-सुनवाई के दौरान ग्राम जुन्हैसा नि. हेमलता ने पैतृक भूमि गाटा संख्या 518 पर फकरूद्दीन द्वारा किये गये कब्जे को हटवाये जाने, ग्राम गुलालपुर नि. सोनवती ने पुत्रवधु के पिता द्वारा मारपीट किये जाने, ग्राम चंदाई नि. गुड्डी देवी ने भूमि गाटा संख्या-1113 पर सोवरनसिंह, इन्द्रपाल सिंह, महीपाल सिंह, हरिओम, भूरे आदि द्वारा गुण्डागर्दी के बल पर अनाधिकृत रूप से किये गये कब्जे को हटवाकर कानूनी कार्यवाही किये जाने, ग्राम निजामपुर नि. हंसमुखी देवी ने धोखाधड़ी, जालसाजी के माध्यम से किये गये बैनामे को खारिज किये जाने, पहाड़पुर नि. सोनू कुमार ने ग्राम की गौशाला की जॉच कराये जाने, ग्राम गढ़िया जैनपुर नि. अजय प्रताप सिंह ने सिंचाई हेतु लगे विद्युत ट्रॉसफार्मर के तार, ऑयल चोरी किये जाने, नया ट्रॉसफार्मर लगवाये जाने, ग्राम नसीरपुर नि. आशुतोष मिश्र, भानू चौहान, प्रधान प्रतिनिधि राम कुमार, प्रवीन कुमार, मनोज कुमार आदि ने खेतों के पानी की निकासी हेतु माइनर में बनी क्षतिग्रस्त साइफन को पुनः निर्माण कराये जाने, महलोई नि. मिथलेश कुमारी ने भूमि गाटा संख्या-1128 पर निरंजन द्वारा निर्माण कार्य में किये गये व्यवधान को रोके जाने तथा न्यायोचित कार्यवाही किये जाने, ग्राम परसरामपुर नि. जनवेद सिंह ने असंक्रमणीय भूमिधर से संक्रमणीय भूमिधर दर्ज कराये जाने जाने की शिकायत अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।

जन-सुनवाई के दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, उदय चौहान, लालू जादौन, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा के अलावा उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्र. निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर भदौरिया सहित अन्य पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।