डा0 किरन सौजिया सी0से0एजू0 एकेडमी, मैनपुरी में ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसके मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्रीमान् राहुल मिठास जी, अमर उजाला के ब्यूरो चीफ राहुल दक्ष जी रहे। कार्यक्रम में मा0 पुलिस अधीक्षक महोदय ने अपने वक्तव्य में कहा कि मेरे साथियों एवं प्यारे बच्चों आपने अधिकतर पुलिस का रोल फिल्म, नाटकों में तो एक मनोरंजन के रूप में बहुत देखा होगा, लेकिन हकीकत में काफी अलग होता है। पुलिस अधीक्षक महोदय ने बच्चों से कहा कि जिस प्रकार आप अपने पाठ्यक्रम (सिलेबस) के अनुसार पढ़ाई करते हैं उसी प्रकार पुलिस का सिलेबस कानून (लाॅ) होता है जिसका हमें पालन करना एवं करवाना होता है। ‘‘कानून का सम्मान, कानून से जीवन आसान’’ उन्होंने आगे कहा कि बिना हेलमेट बाइक(दोपहिया वाहन) न चलाएँ, और बिना सीट बेल्ट के कार या अन्य चार पहिया वाहन न चलाएँ। उन्होंने कई उदाहरणों के माध्यम से जीवन में कानून के महत्व को समझाया। विद्यालय के बच्चों व शिक्षकों से संवाद कर कानून व नियमों से जीवन सुरक्षित होकर जीने का महत्वपूर्ण पहलू बताया। उन्होंने कहा वर्तमान में बढ़ते अपराधों से आज की युवा पीढ़ी को सोशल मीडिया के गलत उपयोग व बैंकिंग अपराधों से बचना अत्यंत आवश्यक है।

प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रश्न किया गया कि हम कैसे एक पुलिस अधिकारी बन सकते हैं और हमें कितनी मेहनत करनी होगी। छात्रों के प्रश्न का हँस कर जवाब देते हुए अतिथि महोदय ने कहा कि प्यारे बच्चों अभी आप बस अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें क्यों कि यह उम्र अभी पढ़ने और खेलकूद करने व आनन्द लेने की है। जब आप पढ़ लिखकर बड़े हो जायेंगे तब आप स्वयं ही इसी प्रकार जैसे अभी पढ़कर परीक्षा पास करते हैं ठीक वैसे ही आगे की परीक्षा पास कर लेंगे।

इसी क्रम में कार्यक्रम के अतिथि अमर उजाला के ब्यूरो चीफ श्रीमान् राहुल दक्ष ने छात्रों से महिला हेल्पलाइन, आपातकालीन सहायता व साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी दी एवं प्रश्न पूछे जिसके उŸार देने वाले छात्र/छात्राओं को उनके द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।

विद्यालय के चेयरमैन डा0 अशोक कुमार ने कार्यक्रम पुलिस की पाठशाला में बच्चों को बताया कि- व्यक्ति का सर्वांगीण विकास तीन तथ्यों सुनना, पढ़ना और देखना पर आधारित होता है। इन तीन तथ्यों पर अमल करने वाला व्यक्ति ही अभिव्यक्ति की स्वतन्त्रता/निर्भीकता को प्राप्त करता है और समाज में उच्चतम सम्मान पाता है।

इस अवसर पर विद्यालय की भूतपूर्व छात्रा कविता राजावत के उ0प्र0 पुलिस भर्ती में चयनित होने पर विद्यालय के चेयरमैन व जनपद के पुलिस कप्तान मैनपुरी द्वारा पगड़ी पहनाकर व फूलों का बुके देकर सम्मान किया गया।

इस कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन डा0 अशोक कुमार, वाइस प्रेसीडेन्ट डा0 किरन सौजिया, प्रधानाचार्य जोस जोसेफ, उप प्रधानाचार्या अनीशा एल दास, विद्यांशु सौजिया, समस्त शिक्षकगण एवं छात्र/छात्रायें मौजूद रहे।